आगरा। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन की मिनी नीलामी में खिलाड़ियों पर जमकर धनवर्षा हो रही है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की इस बहुचर्चित लीग में नीलामी के शुरुआती चरण में अब तक सबसे बड़ी बोली अनुभवी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर व आईपीएल के स्टार कर्ण शर्मा पर लगी है।
250 से अधिक खिलाड़ियों की नीलामी देर रात तक जारी
पांच लाख के बेस प्राइस वाले मेरठ के कर्ण को कानपुर सुपर स्टार्स ने 23 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। नीलामी के शुरुआती चरण में दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बुलंदशहर के शुभम गौतम रहे, जिन्हें नोएडा किंग्स ने 21.50 लाख रुपये में खरीदा।
इन्हें यूपीसीए के तेज गेंदबाजों के स्पीड हंट में चुना गया था और मिनी नीलामी में उन पर दूसरी सबसे बड़ी बोली लगी। वहीं मेरठ के बल्लेबाज शिवम चौधरी को गौर गोरखपुर लायंस ने 21 लाख रुपये में खरीदा। इसके अलावा मोहम्मद शारिम और शिवा सिंह पर भी फ्रेंचाइजियों ने बड़ा दांव खेलते हुए दोनों को 17.50-17.50 लाख रुपये में खरीदा।
मोहम्मद शारिम को काशी रुद्रास जबकि शिवा सिंह को नोएडा किंग्स ने अपने साथ जोड़ा। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की गरिमामयी मौजूदगी में यूपी टी20 लीग की मिनी नीलामी आगरा के ताज कन्वेंशन सेंटर में हो रही है। इस नीलामी का संचालन सुप्रसिद्ध ऑक्शनर अंगद बेदी ने किया।
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कि यूपीटी20 लीग हमारे लिए कभी सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं रही। शुरुआत से ही हमारा उद्देश्य उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों के लिए अवसर पैदा करना और उन्हें अपने सपनों को साकार करने का मंच देना रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि अब तक की नीलामी में शुरुआती चरण में लखनऊ फाल्कंस ने समीर चौधरी को 11.75 लाख रुपये में खरीदा, जबकि नोएडा किंग्स ने शोएब सिद्दीकी को 11.25 लाख रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया। कानपुर सुपरस्टार्स ने यशोवर्धन सिंह को 6.60 लाख रुपये में खरीदा।
वहीं काशी रुद्रास ने विजय यादव को 5.20 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा, जबकि नोएडा किंग्स ने अंचित यादव को उनके बेस प्राइस पांच लाख रुपये में खरीदा। मेरठ मावेरिक्स ने करण चौधरी और कुणाल यादव को पांच-पांच लाख रुपये में अनुबंधित किया। वहीं काशी रुद्रास ने वैभव चौधरी को भी पांच लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
आज नीलामी के दौरान उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह तथा उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया चेयरमैन मोहम्मद फहीम, जिला क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के अध्यक्ष सुनील जोशन, उपाध्यक्ष राजेश सहगल सहित सभी पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
नीलामी में कानपुर सुपर स्टार्स ने मोहम्मद अमान और शिवम बंसल, नोएडा किंग्स ने शौर्य सिंह और रजत संसेरवाल, जबकि लखनऊ फाल्कंस ने कार्तिकेय सिंह को उनके बेस प्राइस 3.50 लाख रुपये में खरीदा।
वहीं ढाई लाख रुपये के बेस प्राइस वर्ग में कानपुर सुपर स्टार्स ने अजय कुमार और लखनऊ फाल्कंस ने कृष्ण कुमार सरोज को उनके बेस प्राइस 2.50 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। यूपी टी-20 लीग की मिनी नीलामी देर रात तक जारी रही, जिसमें 250 से अधिक खिलाड़ियों पर बोली लगनी है।
मात्र ₹2.50 लाख के बेस प्राइस वाले शुभम को यूपीसीए के तेज गेंदबाजों के स्पीड हंट में चुना गया था और मिनी नीलामी में उन पर दूसरी सबसे बड़ी बोली लगी।













