नई दिल्ली : नीरू धांडा और विवान कपूर की जोड़ी ने रविवार (10 मई 2026) को ट्रैप मिक्स्ड टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर कज़ाख़स्तान के अल्माटी में आयोजित इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप शॉटगन का समापन भारत के लिए शानदार तरीके से किया।
फाइनल में नीरू और विवान ने पहले 30 में से 24 टारगेट हिट किए और इटली की जोड़ी सिल्वाना स्टैंको और माउरो डी फिलिपिस के बराबर स्कोर किया। हालांकि, क्वालिफिकेशन में पीछे रहने के कारण उन्हें बेहतर पदक से चूकना पड़ा। चीनी ताइपे की कुन-पी यांग और वान-यू लियू की जोड़ी ने फाइनल में 36 के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता।

विवान और नीरू ने क्वालिफिकेशन में 143 का स्कोर किया, जो सिल्वाना (पेरिस ओलंपिक रजत पदक विजेता) और पूर्व विश्व चैंपियन माउरो से दो अंक कम था। दोनों ने तीसरी सीरीज़ में परफेक्ट 25-25 का स्कोर करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की की, जबकि विवान ने कुल 75 में से केवल दो टारगेट मिस किए।
भारत की दूसरी जोड़ी अहवर रिज़वी और प्रगति दुबे ने 130 का स्कोर करते हुए 31 टीमों में 23वां स्थान हासिल किया। फाइनल के पहले 10 टारगेट के बाद चीनी ताइपे की जोड़ी परफेक्ट स्कोर के साथ आगे थी। नीरू ने तीसरा शॉट मिस किया, जिससे भारत दूसरे स्थान पर रहा, जबकि विवान ने अपने सभी पांच शॉट्स हिट कर शानदार लय बरकरार रखी।
इटली और चीन तीसरे स्थान के लिए संघर्ष कर रहे थे। 20 टारगेट के बाद इटली ने एक हिट से बढ़त बना ली, जबकि चीनी ताइपे ने भारत पर दो अंकों की बढ़त बना ली, क्योंकि नीरू से कुछ और शॉट्स मिस हुए। तीसरी सीरीज़ में इटली ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कोई भी शॉट मिस नहीं किया, जबकि विवान ने अपने 13वें शॉट पर पहली बार चूक की।
अंत में दोनों जोड़ियां समान स्कोर पर रहीं, लेकिन क्वालिफिकेशन प्रदर्शन के आधार पर इटली आगे रहा। इसके बावजूद, यह नीरू और विवान के लिए ओलंपिक स्पर्धा में पहला आईएसएसएफ वर्ल्ड कप पदक है और पिछले वर्ष इस स्पर्धा के ओलंपिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद भारत का दूसरा पदक भी।













