कानपुर में फिर जमेगा क्रिकेट का रंग, यूपी टी-20 लीग की वापसी

0
25

एक बार फिर ग्रीन पार्क में यूपी टी-20 लीग का जलवा देखने को मिलेगा। यूपीसीए ने कानपुर से इस लीग का शुभारम्भ 2023 में किया था, जिसके बाद दो सीजन लखनऊ में कराये गये लेकिन वहां दर्शकों का रुझान न मिलने के कारण चौथा सीजन पुनः ग्रीन पार्क में कराने का फैसला किया गया है।

यूपी टी-20 लीग के नए चेयरमैन डा.संजय कपूर ने बुधवार को प्रेस वार्ता में आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि लीग का चौथा संस्करण 14 अगस्त से 6 सितम्बर तक ग्रीन पार्क में खेला जायेगा।

24 दिन चलने वाले इस टूर्नामेंट में छह फ्रेंचाइजी कानपुर सुपरस्टार, लखनऊ फॉल्कंस, मेरठ मेवरिक्स, काशी रुद्रास, गोरखपुर लॉयंस और नोएडा किंग्स के बीच कुल 34 मैच खेले जायेंगे। जिसमें क्वालीफायर, एलिमिनेटर व फाइनल मैच भी शामिल होंगे।

डा. कपूर ने बताया कि इस बार प्रत्येक फ्रेंचाइजी छह से 12 खिलाड़ी रिटेन कर सकती है। खिलाड़ियों की नीलामी से पहले सभी फ्रेंचाइजी यूपीसीए के नियमानुसार अपने-अपने ट्रायल करायेंगी। जो अगले माह आयोजित किये जायेंगे। प्रत्येक फ्रेंचाइजी के लिए 1.25 करोड़ की पर्स वेल्यू निर्धारित की गयी है। लीग की विजेता टीम को एक करोड़ रुपए की भारी भरकम राशि इनाम में दी जायेगी।

लीग के मैचों को चार चांद लगाने के लिए इस बार कई मशहूर हस्तियों को भी आमंत्रित किया जायेगा। जिसमें कई बालीवुड के सितारों से बात चल रही है। इसके साथ ही यूपी लीग की चमचमाती ट्रॉफी को भी सभी छह फ्रेंचाइजियों के शहरों में भ्रमण कराया जायेगा।

गौरतलब है कि यूपी लीग की शुरुआत 2023 में यूपीसीए ने ग्रीनपार्क स्टेडियम से की थी। जिसमें काशी रुद्रास ने खिताब जीता था। लखनऊ में हुए दूसरे सीजन में मेरठ मेवरिक्स और तीसरे में काशी रुद्रास चैम्पियन बने। डा.कपूर ने बताया कि यूपी लीग के मैचों का प्रसारण इस बार सोनी और डीडी टीवी में किया जायेगा, इसके अलावा डिजिटल प्रसारण सोनी लिव में होगा।

उन्होंने बताया कि हमारी कोशिश है कि लीग का प्रसारण इस बार 150 से 200 देशों में किया जा सके इसके लिए भी हम प्रयासरत हैं। प्रेसवार्ता में यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, संजीव सिंह, मीडिया मैनेजर अहमद अली खान तालिब, केसीए उपाध्यक्ष संजय तिवारी, सचिव कौशल कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here