जनसंवाद में पहुंचे हजारों लोग, 278 प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू

0
53

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के विधायक कार्यालय, पराग चौराहा, आशियाना में सोमवार को आयोजित जनसंवाद एवं जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पहुंचे। कार्यक्रम में सड़क, बिजली, पानी, सोलर लाइट, नाली, साफ-सफाई, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल एजुकेशन से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठे।

विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और कई मामलों के शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कराई।

जनसंवाद बना जनविश्वास का केंद्र, हजारों क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान को मिली गति

जनसुनवाई में कुल 278 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें साइकिल, लैपटॉप, सोलर लाइट, सिलाई केंद्र, आरबीएस सेंटर, आर्थिक सहायता, सड़क निर्माण और नाली से संबंधित आवेदन शामिल रहे। सभी आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों और टीम सदस्यों को भेजा गया, ताकि उनका समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा और उसके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। एयरपोर्ट से लेकर पीजीआई और कल्ली पश्चिम तक बुनियादी ढांचे के कई बड़े कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

जनसुनवाई में डॉ. राजेश्वर सिंह ने सुनीं समस्याएं, सड़क-बिजली-पानी पर दिया जोर

अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, एक्सप्रेसवे और लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड रोड जैसी परियोजनाएं क्षेत्र को नई पहचान दे रही हैं। इसके साथ ही सड़क, नाली, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि अब तक सरोजनीनगर में 1500 से अधिक छोटी-बड़ी नई सड़कों का निर्माण और पुरानी सड़कों का सुदृढ़ीकरण कराया जा चुका है। लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और एलडीए के माध्यम से नई परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली आपूर्ति की स्थिति लगातार बेहतर हुई है और बढ़ती आबादी व औद्योगिक विकास को देखते हुए सरकार बिजली व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।

ये भी पढ़ें : श्री गोविंद इंटर कॉलेज, लीथल-11 और ड्रीम ब्लास्टर की शानदार जीत

स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अब तक 1500 से अधिक मरीजों के लिए 25 करोड़ रुपये से अधिक की चिकित्सा सहायता स्वीकृत कराई जा चुकी है। उनका संकल्प है कि धन के अभाव में सरोजनीनगर का कोई भी जरूरतमंद उपचार से वंचित न रहे।

शिक्षा और युवा सशक्तिकरण को प्राथमिकता बताते हुए विधायक ने कहा कि अब तक 2000 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और साइकिल देकर सम्मानित किया जा चुका है।

ये भी पढ़ें : तारा शक्ति निःशुल्क रसोई से सरोजनीनगर में आशा की नई किरण

उन्होंने कहा कि डिजिटल युग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में बच्चों के लिए कंप्यूटर शिक्षा और डिजिटल कौशल बेहद जरूरी हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नई तकनीक और नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उनकी पूरी टीम 24 घंटे जनता की सेवा के लिए समर्पित है और जनभागीदारी, सतत संवाद तथा त्वरित कार्यवाही के माध्यम से सरोजनीनगर को विकास, सुशासन और जनकल्याण का आदर्श मॉडल बनाने का प्रयास जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here