मलयालम फिल्मों के चर्चित अभिनेता ममूटी और बॉलीवुड सिंगर अलका याग्निक को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया है। यह पुरस्कार पाकर दोनों ही कलाकार गदगद दिखे, उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। इनके अलावा अभिनेता आर.माधवन को भी पद्मश्री पुरस्कार दिया गया।
80 के दशक में अलका याग्निक ने अपने संगीत करियर का आगाज किया। हिंदी फिल्मों में एक से बढ़कर एक गाने अलका ने गाए। इस उम्दा गायिका के गानों ने कई रिकॉर्ड भी बनाए हैं। आज उन्हें राष्ट्रपति द्वारा पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
आर माधवन लगभग 30 साल से हिंदी और साउथ की फिल्मों में अभिनय कर रहे हैं। अब तक बतौर कलाकार वह हर तरह के किरदार निभा चुके हैं। माधवन के निभाए कई किरदार तो दर्शकों के मन में खास जगह बना चुके हैं। इस अभिनेता को भी आज राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
इस मौके पर आर. माधवन की पत्नी और बेटा वेदांत भी मौजूद दिखे, वह अभिनेता की इस उपलब्धि पर काफी खुश थे। ममूटी मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार कहे जाते हैं। इस अभिनेता ने अपने करियर में करीब 400 से अधिक फिल्में की हैं। वह किरदारों में ढल जाने वाले एक उम्दा अभिनेता हैं। इन्हें भी आज पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर उनके बेटे दुलकर सम्मान भी नजर आए, वह अपने पिता के लिए तालियां बजा रहे थे।
दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया गया, यह पुरस्कार उनके भाई ने ग्रहण किया। सतीश शाह भारतीय फिल्म और टेलीविजन जगत के दिग्गज कलाकारों में शुमार थे। ‘जाने भी दो यारों’, ‘मैं हूं ना’, ‘कल हो ना हो’ और ‘फना’ समेत कई बॉलीवुड फिल्मों में कभी गंभीर तो कभी मजाकिया किरदार निभाकर सतीश शाह ने अपनी पहचान बनाई थी। पिछले साल 25 अक्टूबर को उनका निधन 74 वर्ष की उम्र में हुआ था।
83 साल के चर्चित कलाकार अनिल रस्तोगी थिएटर, फिल्म, टीवी, रेडियो और ओटीटी पर सक्रिय रहे हैं। वह लखनऊ से बिलॉन्ग करते हैं। उन्हें आज पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। अनिल रस्तोगी फिल्म ‘इश्कजादे’ में एक चर्चित किरदार निभाने के लिए भी जाने जाते हैं।
एक बातचीत के दौरान अनिल कुमार रस्तोगी ने बताया कि वह वैज्ञानिक हैं, रिसर्च में अपना ज्यादातर जीवन उन्होंने गुजारा है। इसके बावजूद उन्हें कला के क्षेत्र में भारत के सबसे बड़े नागरिक सम्मानों में से एक मिला है, जो अपने आप में एक अनोखी बात है। वह कहते हैं, ‘मैं एक वैज्ञानिक हूं और मुझे कला के क्षेत्र में अवॉर्ड दिया जा रहा है। शायद मैं कला के क्षेत्र में ऐसा पहला व्यक्ति हूं जिसका मूल पेशा विज्ञान है।’
ये भी पढ़े : ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट फाइनल, यश के डबल अवतार ने बढ़ाया फैंस का क्रेज












