चंडीगढ़ : राउंडग्लास हॉकी अकादमी (आरजीएचए) ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर इतिहास रचते हुए सिडनी में आयोजित इंटरनेशनल यूथ हॉकी कप 2026 (अंडर-18) का खिताब अपने नाम कर लिया।
शनिवार को खेले गए फाइनल में अकादमी ने मेज़बान एनएसडब्ल्यू सिंघ्स को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से हराकर ऑस्ट्रेलिया में खिताब जीतने वाली पहली भारतीय हॉकी अकादमी बनने का गौरव हासिल किया।
कोच विकास पाल और टीम मैनेजर एवं ओलंपियन संजीव कुमार के नेतृत्व में राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए शानदार आक्रामक हॉकी और बेहतरीन सामरिक कौशल का प्रदर्शन किया।
फाइनल में एनएसडब्ल्यू सिंघ्स को 6-0 से हराया
फाइनल का पहला क्वार्टर गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ, लेकिन दूसरे क्वार्टर में राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने चार गोल दागकर मुकाबले पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया। अमनदीप ने 17वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला।
इसके दो मिनट बाद अनुराग सिंह ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोलकर बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद गौतम (25वां मिनट) और रज्जाक अली (29वां मिनट) ने शानदार फील्ड गोलकर हाफ टाइम तक टीम को 4-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ में भी अकादमी ने अपना दबदबा बनाए रखा। तीसरे क्वार्टर में वरिंदर सिंह ने 45वें मिनट में टीम का पांचवां गोल किया। इसके बाद अंतिम मिनट (60वें) में अमनदीप ने अपना दूसरा और टीम का छठा गोल दागकर 6-0 की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित कर दी।
यह जीत राउंडग्लास हॉकी अकादमी के पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन का शानदार समापन रही। अकादमी ने अपने अभियान की शुरुआत एनएसडब्ल्यू लायंस पर 8-0 की जीत से की थी।
इंटरनेशनल यूथ हॉकी कप जीतने वाली पहली भारतीय हॉकी अकादमी बनी,
इसके बाद टीम मजुलाह सिंगापुर को 5-0, एनएसडब्ल्यू सिंघ्स को 5-2, बॉबी अकादमी को 6-1 और शेपार्टन हॉकी अकादमी को 7-1 से हराकर लीग चरण का समापन किया। फाइनल में 6-0 की जीत के साथ भारतीय टीम ने छह मैचों में कुल 37 गोल दागे।
यह वर्ष 2026 में राउंड ग्लास हॉकी अकादमी का दूसरा अंतरराष्ट्रीय खिताब है। इससे पहले मई में अकादमी ने केन्या में आयोजित सिख यूनियन क्लब नैरोबी शताब्दी समारोह हॉकी टूर्नामेंट का खिताब भी अपने नाम किया था।
ये भी पढ़ें : राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने सिडनी में फाइनल का टिकट किया पक्का













