टेबल टेनिस का महासंग्राम गुरुवार से, यूटीटी में सात टीमें करेंगी खिताब की जंग

0
58
Picture Credit – UTT

गोवा : भारत की सबसे बड़ी टेबल टेनिस लीग बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन-7 गुरुवार 9 जुलाई से शुरू होने जा रही है।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला गोवा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां मेजबान और दो बार की चैंपियन डेम्पो गोवा चैलेंजर्स का सामना मौजूदा चैंपियन यू मुंबा टीटी से होगा। अगले 18 दिनों तक सात फ्रेंचाइजी खिताब के लिए संघर्ष करेंगी, जबकि ग्रैंड फिनाले 26 जुलाई को खेला जाएगा।

गोवा में बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 धमाकेदार आगाज़ के लिए तैयार

मेजबान टीम की अगुआई करेंगी पिछले सीजन यू मुंबा टीटी को खिताब दिलाने वाली मौजूदा लीग एमवीपी और बटरफ्लाई यूटीटी की सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल बर्नाडेट स्ज़ोक्स। इस बार नीलामी के बाद वह डेम्पो गोवा चैलेंजर्स का हिस्सा हैं।

बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्ज़ोक्स ने कहा, “मैं हर साल यूटीटी में लौटकर बेहद खुश होती हूं। यह लीग हर सीजन के साथ लगातार बेहतर और बड़ी होती जा रही है।

इसका हिस्सा बनना हमेशा शानदार अनुभव रहता है। पिछले सीजन खिताब जीतना मेरे लिए अविस्मरणीय पल था, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। इस बार फिर से इस लीग में लौटकर मैं बेहद उत्साहित हूं।”

मेजबान डेम्पो गोवा चैलेंजर्स और मौजूदा चैंपियन यू मुंबा टीटी के बीच होगा उद्घाटन मुकाबला

इस बार का बटरफ्लाई यूटीटी भारतीय खिलाड़ियों के लिए और भी खास है, क्योंकि इसका समापन राष्ट्रीय टीम के जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए रवाना होने से ठीक पहले होगा।

ऐसे में विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के खिलाफ हाई-प्रेशर मुकाबले भारतीय खिलाड़ियों को साल के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में से एक के लिए बेहतरीन तैयारी का मौका देंगे।

इस पर पीबीजी पुणे जैगुआर्स की स्टार खिलाड़ी दिया चिताले ने कहा,“बटरफ्लाई यूटीटी के हर सीजन में मुझे कुछ नया सीखने को मिलता है। यहां का दबाव भी बिल्कुल अलग होता है।

जब स्कोर 6-6 होता है और आपको पता होता है कि आखिरी चार-पांच अंक ही मुकाबले का फैसला करेंगे, तो वह स्थिति हमें दूसरी प्रतियोगिताओं में बहुत कम देखने को मिलती है। ऐसे मुकाबले मुझे एक बेहतर खिलाड़ी बनने में मदद करते हैं और एशियन गेम्स की तैयारी के लिए यह शानदार मंच है।”

दिया चिताले और मानव ठक्कर ने कहा, एशियन गेम्स से पहले सबसे बेहतरीन तैयारी का मंच

टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के तत्वावधान में और नीरज बजाज तथा वीटा दानी द्वारा प्रमोट की जा रही बटरफ्लाई यूटीटी भारतीय टेबल टेनिस को विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा और सालभर चलने वाली विकास पहलों के जरिए लगातार मजबूत कर रही है। सीजन-7 में दुनिया भर के 42 खिलाड़ी, जिनमें 14 ओलंपियन शामिल हैं, हिस्सा लेंगे।

इस सीजन की सबसे बड़ी चर्चाओं में से एक है विश्व नंबर-3 पुरुष युगल खिलाड़ी मानुष शाह का मौजूदा चैंपियन यू मुंबा टीटी से जुड़ना। वह इस बार टीम के खिताब बचाने के अभियान की अगुआई करेंगे।

मानुष शाह ने कहा, “यू मुंबा टीटी जैसी शानदार फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास है। जिन खिलाड़ियों के साथ आप नियमित रूप से खेलते हैं,

उनके खिलाफ उतरना कभी-कभी चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के बीच दोस्ताना माहौल और हल्की-फुल्की नोकझोंक हमेशा बनी रहती है। मैं शानदार सीजन की उम्मीद कर रहा हूं और चाहता हूं कि यू मुंबा टीटी अपना खिताब बरकरार रखे।”

सीजन-7 का सबसे रोमांचक मुकाबला तब देखने को मिल सकता है, जब मानुष शाह का सामना उनके नियमित पुरुष युगल जोड़ीदार मानव ठक्कर से होगा, जो इस बार यूपी प्रोमेथियंस का प्रतिनिधित्व करेंगे।

दुनिया के दिग्गज और भारत के उभरते टेबल टेनिस सितारे दिखाएंगे दमखम

इस पर मानव ठक्कर ने कहा, “मानुष और मैं पुरुष युगल में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और फिलहाल विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर हैं। ऐसे में उनके खिलाफ खेलना निश्चित रूप से कठिन होगा।

हम दोनों लगातार बेहतर खिलाड़ी बन रहे हैं और एशियन गेम्स की तैयारी में जुटे हैं। उम्मीद है कि यूटीटी का यह सप्ताह हमें अच्छी लय देगा और हम देश के लिए पदक जीतने में सफल होंगे।”

बटरफ्लाई यूटीटी लगातार भारत की नई प्रतिभाओं को भी मंच दे रही है। इसी दिशा में ड्रीम यूटीटी जूनियर्स कार्यक्रम एक बार फिर समानांतर रूप से आयोजित किया जाएगा।

पिछले वर्ष की गर्ल्स एमवीपी 15 वर्षीय दिव्यांशी भौमिक इस बार दबंग दिल्ली टीटीसी द्वारा ड्राफ्ट किए जाने के बाद बटरफ्लाई यूटीटी के इतिहास की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं।

दिव्यांशी ने कहा, “यूटीटी के लिए चुने जाने और इतने शानदार खिलाड़ियों के साथ एक ही टीम का हिस्सा बनने पर मैं बेहद खुश हूं। पिछले दो दिनों से मैं उनके साथ अभ्यास कर रही हूं। यह मेरे लिए सम्मान की बात है और सीखने का शानदार अवसर भी।”

सीजन-7 में ऑस्ट्रिया की ओलंपियन सोफिया पोल्कानोवा भी दूसरे सीजन के बाद वापसी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले कुछ वर्षों से इस लीग पर लगातार नजर बनाए हुए थीं और अपनी अंतरराष्ट्रीय युगल जोड़ीदार बर्नाडेट स्ज़ोक्स को पिछले सीजन खिताब जीतते भी देखा था।

अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स की खिलाड़ी सोफिया पोल्कानोवा ने कहा, “मैंने पिछले सीजन इंस्टाग्राम पर इस लीग को फॉलो किया और देखा कि यह कितनी तेजी से आगे बढ़ रही है।

बर्नाडेट और उनकी टीम ने खिताब जीता, जिसे देखना शानदार रहा। वर्षों के दौरान इस लीग की लोकप्रियता काफी बढ़ी है। यहां वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है और सभी ने मेरा बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया है।”

इस सीजन बटरफ्लाई यूटीटी एआई आधारित ‘टेबल टेनिस रिव्यू (टीटीआर)’ सिस्टम भी शुरू करने जा रही है। इसके साथ ही यह वीडियो रिव्यू तकनीक अपनाने वाली दुनिया की चुनिंदा टेबल टेनिस लीगों में शामिल हो जाएगी।

ये भी पढ़ें : यूटीटी में पहली बार एआई करेगा अंपायरों की मदद, 20 सेकंड में मिलेगा रिव्यू

गुरुग्राम स्थित स्टूपा स्पोर्ट्स (जो लीग की आधिकारिक तकनीकी साझेदार है) द्वारा विकसित यह सिस्टम विवादित फैसलों की समीक्षा 20 सेकंड से भी कम समय में करेगा।

एचवीआर कोलकाता थंडरब्लेड्स के जीत चंद्रा ने कहा, “इस सीजन टीटीआर सिस्टम की शुरुआत हो रही है और मुझे लगता है कि यह दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक होगा। प्रत्येक टीम को एक टाई के दौरान तीन टीटीआर रिव्यू मिलेंगे। भारतीय दर्शकों के लिए यह बिल्कुल नया अनुभव होगा और मैं भी इसे मैदान पर देखने के लिए उत्साहित हूं।”

ये भी पढ़ें : यूटीटी सीजन 7 नीलामी: यूपी प्रोमेथियंस से खेलेंगे मानव ठक्कर और यांग्ज़ी लियू

ये भी पढ़ें : चैंपियनों की टक्कर, पहले मैच में यू मुंबा टीटी की डेम्पो गोवा चैलेंजर्स से टक्कर

बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 में सात टीमें सिंगल राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेलेंगी, जिसमें प्रत्येक टीम लीग चरण में बाकी सभी टीमों से एक-एक बार भिड़ेगी। अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी।

टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स खेल (हिंदी), स्टार स्पोर्ट्स तमिल 2 एचडी और स्टार स्पोर्ट्स तमिल 3 एचडी पर किया जाएगा, जबकि जियोहॉटस्टार पर हिंदी, तमिल और अंग्रेजी में लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here