ग्रीनपार्क में अंपायर-स्कोरर प्रशिक्षण, सितंबर में होगी अगली परीक्षा

0
25

कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से गुरुवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम स्थित नवनिर्मित प्लेयर्स पवेलियन में प्रदेश स्तरीय अंपायर एवं स्कोरर कार्यशाला (पुरुष एवं महिला वर्ग) का शुभारंभ किया गया।

तीन वर्ष बाद आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के 35 जिलों से आए 96 अंपायर और 37 स्कोरर भाग ले रहे हैं। लिखित परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सितंबर में होने वाली प्रायोगिक, मौखिक और विजुअल परीक्षा के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

कार्यशाला का उद्घाटन यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत यूपीसीए अंपायर समिति के चेयरमैन मनोज पुंडीर के स्वागत संबोधन से हुई।

पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी ने प्रतिभागियों को अंपायरिंग के तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए खेल के नियमों और निर्णय क्षमता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यशाला के उद्देश्य और उपयोगिता से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया। कार्यशाला में सात महिला अंपायर और दो महिला स्कोरर भी हिस्सा ले रही हैं।

इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के वरिष्ठ एजुकेटर (स्कोरिंग) पी. जयपाल ने स्कोरर की भूमिका और आधुनिक स्कोरिंग प्रणाली पर विस्तार से जानकारी दी।

यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने कार्यशाला की सफलता की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में क्रिकेट के विकास के लिए प्रशिक्षित अंपायरों और स्कोररों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, निदेशक रियासत अली, अंपायर कमेटी के संयोजक एसपी सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

अंत में डॉ. गौरहरि सिंहानिया क्रिकेट अकादमी के सीईओ दीपक शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here