लखनऊ। यश गर्ग के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन (4 विकेट, नाबाद 26 रन) और आखिरी ओवर में उनकी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के पहले मैच में गत चैंपियन काशी रुद्रास को रोमांचक अंदाज में एक विकेट से परास्त किया।
यूपी टी-20 लीग सीजन-4
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मेरठ ने आखिरी गेंद पर 119 रन का लक्ष्य हासिल कर सीजन की शानदार शुरुआत की। काशी की बल्लेबाजी को पहली पारी में चार विकेट लेकर झटका देने वाले यश गर्ग ने लक्ष्य का पीछा करते हुए भी धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया।
मेरठ को आखिरी ओवर में जीत के लिए 19 रन चाहिए थे जबकि टीम के नौ विकेट गिर चुके थे। यश ने ओवर की शुरुआत चौके और छक्के से की। इसके बाद जब दो गेंदों पर सात रन की जरूरत थी, उन्होंने फिर छक्का जड़ दिया। वहीं आखिरी गेंद पर एक रन लेकर उन्होंने टीम को यादगार जीत दिलाई। यश ने 14 गेंदों पर नाबाद 26 रन की पारी खेली।
मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। काशी रुद्रास ने सधी शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी ने 32 गेंदों पर 42 रन बनाए। हालांकि यश गर्ग ने कप्तान करन शर्मा के महत्वपूर्ण विकेट सहित दो विकेट लेकर काशी के शीर्ष क्रम पर दबाव बना दिया।
इसके बाद आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद से खेल चुके स्पिनर जीशान अंसारी ने मध्यक्रम पर शिकंजा कस दिया। उन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट लिए। तेज गेंदबाज विशाल चौधरी ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 13 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
वहीं यश गर्ग ने अपने चार ओवर में 19 रन देकर चार विकेट झटके। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने लीग में अपने विकेटों की संख्या 51 कर ली। काशी रुद्रास की टीम 20 ओवर में 118 रन ही बना सकी।
जवाब में 119 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे मेरठ मावेरिक्स को दूसरे ओवर में तब झटका लगा, जब तेज गेंदबाज वैभव चौधरी ने आक्रामक सलामी बल्लेबाज स्वस्तिक चिकारा को पवेलियन भेज दिया। काशी के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और 10 ओवर के बाद मेरठ का स्कोर 47 रन पर चार विकेट था।
इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने 21 गेंदों पर 28 रन और दिव्यांश राजपूत ने 24 गेंदों पर 26 रन बनाकर पांचवें विकेट के लिए 36 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और मेरठ की पारी को संभाला। हालांकि कार्तिक यादव ने रिंकू सिंह को आउट करने के बाद संदीप तोमर को भी जल्द पवेलियन भेज दिया।
आखिरी तीन ओवर में मेरठ को 26 रन की जरूरत थी। काशी के तेज गेंदबाज अटल बिहारी राय ने लगातार गेंदों पर दिव्यांश राजपूत और जीशान अंसारी को आउट कर मेरठ को मुश्किल स्थिति में ला दिया। अटल बिहारी राय ने चार विकेट लेकर लीग में अपने कुल विकेट 54 कर लिए और यूपी टी-20 इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए।
हालांकि यश गर्ग ने आखिरी ओवर में शानदार बल्लेबाजी करते हुए पूरा मैच पलट दिया। उनकी नाबाद 26 रन की पारी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने आखिरी गेंद पर एक विकेट से रोमांचक जीत हासिल की।
शनिवार के मैच
मैच 2: नोएडा किंग्स बनाम कानपुर सुपरस्टार्स — दोपहर 3:00 बजे
मैच 3: लखनऊ फाल्कन्स बनाम गोरखपुर लायंस — शाम 7:30 बजे












