लखनऊ। नोएडा किंग्स के तेज गेंदबाज गेंदबाज नमन तिवारी ने अपनी धारदार और कातिलाना गेंदबाजी यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS की बदौलत गौर गोरखपुर लायंस को महज 112 रन पर समेट दिया। बारिश व गीली आउटफील्ड के चलते यह मैच 18-18 ओवर का खेला गया।
यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में आईपीएल में एलएसजी का हिस्सा और अंडर-19 विश्व कप के स्टार नमन तिवारी ने छह विकेट झटकने के साथ इस सीजन का पहला पांच विकेट हाल पूरा किया। इस मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी व मद्य निषेध विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।
इस अवसर पर मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में यूपी टी-20 लीग जैसे बड़े खेल आयोजनों से खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों को भी उच्च स्तर के क्रिकेट का अनुभव मिलता है। लीग का बढ़ता आकर्षण उत्तर प्रदेश में क्रिकेट की लोकप्रियता और खेल के प्रति लोगों के जुड़ाव को दर्शाता है।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग के प्रत्येक मुकाबले में प्रतिस्पर्धा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है और यही इसकी सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन से मुकाबले रोमांचक बन रहे हैं।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
औपचारिक शुरूआत के बाद सोमवार को दिन के दूसरे मैच में नोएडा किंग्स के कप्तान प्रशांत वीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गौर गोरखपुर लायंस की पूरी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.5 ओवर में 112 रन पर ऑलआउट हो गई। हालांकि गौर गोरखपुर लायंस की शुरुआत बेहद खराब रही।
दूसरे ही ओवर में नमन तिवारी ने सलामी बल्लेबाज अभय प्रताप सिंह (10) को बोल्ड कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद चौथे ओवर में नमन ने कप्तान आर्यन जुयाल (2) का विकेट चटकाते हुए गोरखपुर को बड़ा झटका दिया। गोरखपुर की टीम अभी इन शुरुआती झटकों से उबर भी नहीं पाई थी कि वंश ने सातवें ओवर में आर्यन चौधरी (15) को आउट कर टीम को तीसरा झटका दिया। वंश ने प्रिंस यादव (10) को भी आउट किया।
इसके बाद 13वें ओवर में नमन तिवारी ने अपनी कातिलाना गेंदबाजी जारी रखते हुए शिवम शर्मा (3) को विकेटकीपर आदित्य शर्मा के हाथों कैच कराया। उन्होंने इसी ओवर में सिद्धार्थ यादव (18) को कप्तान प्रशांत वीर के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेजा।
निचले क्रम में पार्थ पहलावत (14) और अंकित चौधरी (14) ने कुछ देर टिकने का प्रयास किया लेकिन 18वें ओवर में नमन तिवारी ने अंकित चौधरी को शोएब के हाथों कैच कराया। इसके साथ ही नमन ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का पहला 5-विकेट हॉल पूरा किया। उन्होंने इसी ओवर में वासु वत्स (1) को शिवा के हाथों कैच कराकर अपने 6 विकेट पूरे किए।
नोएडा किंग्स की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे नमन तिवारी ने अपने 3.5 ओवर के स्पेल में बिना कोई मेडन फेंके महज 13 रन देकर 6 महत्वपूर्ण विकेट झटके। वंश को दो जबकि शिवा सिंह को एक विकेट मिला।












