185 रन का लक्ष्य, आखिरी गेंदों में रोमांच और अनिवेश का तूफान, नोएडा किंग्स ने मारी बाजी

0
17

लखनऊ। मैन ऑफ द मैच कार्तिक सिद्धू (3 विकेट, 17 रन) के आलराउंड खेल से नोएडा किंग्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के गुरुवार को खेले गए पहले मैच में गौर गोरखपुर लायंस को रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से पराजित किया।

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे यूपी टी-20 लीग के मुकाबले में गौर गोरखपुर लायंस ने नोएडा किंग्स के सामने 20 ओवर में नौ विकेट पर 185 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में नोएडा किंग्स ने रवि सिंह (49), आदित्य शर्मा (39) व अनिवेश चौधरी (नाबाद 34) की पारियों से 19.5 ओवर में सात विकेट पर 186 रन बनाते हुए जीत अपने नाम की।

मैच की औपचारिक शुरुआत डॉ. राजशेखर (आईएएस, प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), लखनऊ) ने पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।

डॉ. राजशेखर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश में क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाने का अच्छा माध्यम बन रही है। ऐसे मंच युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर देते हैं। प्रदेश में खेलों के विकास के लिए इस तरह के आयोजनों की निरंतरता जरूरी है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग के हर मुकाबले के साथ रोमांच और प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है। हमारा प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच और सुविधाएं मिलें, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारकर आगे बढ़ सकें। इस अवसर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनिंदर बिस्ला सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

औपचारिक शुरुआत के बाद गौर गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। गौर गोरखपुर लायंस ने शानदार शुरुआत की।

सलामी बल्लेबाज अभय प्रताप सिंह ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 41 गेंदों पर 70 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें सात चौके और चार छक्के शामिल रहे। कप्तान आर्यन जुयाल ने 19 गेंदों पर 21 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी।

इस साझेदारी को ब्रेक शिवा सिंह ने लगाया जिन्होंने आर्यन जुयाल को प्रशांत वीर के हाथों कैच कराया। हालांकि नोएडा किंग्स ने वापसी की और आर्यन जुयाल के बाद शिवम चौधरी (2) को वापस पवैलियन भेज दिया।

फिर सिद्धार्थ यादव ने तेजी से रन बटोरे और 28 गेंदों पर तीन चौके व चार छक्के की मदद से 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उनकी पारी का अंत बॉबी यादव ने किया जिनकी गेंद पर शॉट खेलने के चक्कर में सिद्धार्थ का कैच अनिवेश चौधरी ने लपका। इसके अलावा पार्थ पलावत ने सात गेंदों पर नाबाद 16 रन जोड़े।

गौर गोरखपुर लायंस ने पावरप्ले के बाद शुरुआती विकेट गंवाने के बावजूद लगातार रन बनाए। अभय प्रताप सिंह और सिद्धार्थ यादव की पारियों ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंतिम ओवरों में पार्थ पलावत ने तेज रन जुटाए जिससे गौर गोरखपुर लायंस ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 185 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

नोएडा किंग्स की ओर से बॉबी यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 48 रन देकर चार विकेट हासिल किए। कार्तिक सिद्धू ने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिए। गौर गोरखपुर लायंस ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 185 रन बनाए।

जवाब में 186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने अपने शीर्ष क्रम के विकेट जल्दी गंवा दिए। एक समय नोएडा का स्कोर तीन विकेट पर 46 रन था। वासु वत्स ने दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर गोरखपुर को मजबूती दी। हालांकि वासु की गेंद पर इम्पैक्ट प्लेयर अब्दुल रहमान ने शानदार कैच लपककर शौर्य सिंह (20) को पवेलियन भेजकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

इसके बाद आदित्य शर्मा और रवि सिंह ने पारी को संभाला। दोनों ने 70 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर नोएडा किंग्स को मुकाबले में वापस ला दिया। आदित्य शर्मा ने 39 रन बनाए, जबकि रवि सिंह ने शानदार पारी खेली।

15वें ओवर में विशाल निषाद ने आदित्य शर्मा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके अगले ही ओवर में प्रिंस यादव ने प्रशांत वीर को पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। इसके बाद वासु वत्स ने अपना तीसरा विकेट हासिल किया और अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहे रवि सिंह (49 रन, 3 चौके, 4 छक्के, 28 गेंद) को आउट कर दिया।

अंतिम दो ओवर में नोएडा किंग्स को 23 रन की जरूरत थी। गोरखपुर के अब्दुल रहमान ने 19वां ओवर बेहद शानदार तरीके से फेंका और सिर्फ पांच रन दिए। इससे नोएडा के सामने आखिरी छह गेंदों पर 18 रन का मुश्किल लक्ष्य रह गया।

आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर कार्तिक सिद्धू (17) रन आउट हो गए, जिससे नोएडा की मुश्किलें और बढ़ गईं। लेकिन अनिवेश चौधरी ने लगातार दो गेंदों पर छक्के जड़कर समीकरण को तीन गेंदों पर छह रन कर दिया। इसके बाद दो रन लेकर उन्होंने दो गेंदों पर चार रन की जरूरत कर दी।

अनिवेश ने अगली गेंद पर चौका जड़ते हुए नोएडा किंग्स को एक गेंद शेष रहते रोमांचक जीत दिला दी। अनिवेश ने अपनी पारी में सूझबूझ और आक्रामकता दिखाते हुए 15 गेंदों पर 2 चौके व 3 छक्के से नाबाद 34 रन बनाए। इस तरह नोएडा किंग्स ने 19.5 ओवर में सात विकेट पर 186 रन बनाते हुए रोमांचक अंदाज में जीत अपने नाम की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here