अनुज यादव ने जीता लखनऊ डिस्ट्रिक्ट चैस चैंपियनशिप का खिताब

0
64

लखनऊ। कर्नल एसएन मिश्रा ओबीई मेमोरियल स्कूल में खेली गई लखनऊ डिस्ट्रिक्ट चैस चैंपियनशिप में अनुज यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। छठे एवं अंतिम चक्र में अनुज ने समीर मुखर्जी के साथ बाजी ड्रा खेली। उन्होंने छह चक्रों में 5.5 अंक हासिल कर प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान पर रहते हुए चैंपियनशिप जीती।

अंतिम चक्र से पहले खिताब की दौड़ में बने खिलाड़ियों के बीच मुकाबले पर सभी की नजरें थीं। निर्णायक चक्र में अनुज ने संयमित खेल का प्रदर्शन करते हुए समीर के साथ अंक बांटे और अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा। 5.5 अंक के साथ उन्होंने प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया।

वहीं समीर मुखर्जी, गौरांश जायसवाल, आरव गर्ग और रेयांश कश्यप ने छह चक्रों में 5-5 अंक हासिल किए। समान अंक होने के कारण इन खिलाड़ियों के बीच स्थान का निर्धारण टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर किया गया। इसमें समीर मुखर्जी दूसरे, गौरांश जायसवाल तीसरे, आरव गर्ग चौथे और रेयांश कश्यप पांचवें स्थान पर रहे।

चैंपियनशिप के समापन अवसर पर लखनऊ चैस एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार शाही ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और आगामी सीनियर स्टेट चैस चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिता में भी आत्मविश्वास के साथ खेलने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। चैंपियनशिप के समापन के साथ खिलाड़ियों और आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर प्रसन्नता जताई।

ये भी पढ़े : लखनऊ डिस्ट्रिक्ट चैस : आरव, अर्जुन, अनुज और विनय संयुक्त बढ़त पर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here