जेलों में सुरक्षा के साथ बंदियों के स्वास्थ्य और मानवीय गरिमा पर जोर

0
44

सुलतानपुर। महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश ने बुधवार को जिला कारागार सुलतानपुर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के स्वास्थ्य, मूलभूत सुविधाओं और जेल में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को बंदियों की सुरक्षा के साथ उनके स्वास्थ्य, मानवीय गरिमा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने कारागार अस्पताल और विभिन्न बैरकों का दौरा किया। अस्पताल में उपचार करा रहे बंदियों से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य, चिकित्सा सुविधाओं और मिल रहे उपचार के बारे में जानकारी ली।

महानिदेशक कारागार ने सुलतानपुर जेल का किया निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उन्होंने बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को लेकर संवेदनशीलता बरतने और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने महिला बैरक का निरीक्षण किया। महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों से आत्मीयता से बातचीत कर उनकी जरूरतों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

इस दौरान बच्चों को खिलौने और पुस्तकें तथा महिला बंदियों को फल वितरित किए गए। महानिदेशक ने बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और समुचित देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

बैरकों की मरम्मत और बंदियों के पारिश्रमिक पर जोर

कारागार की व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान महानिदेशक ने बैरकों की आवश्यक मरम्मत और रख-रखाव को प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। साथ ही जेल में बंदियों से कराए जाने वाले कार्य के एवज में उन्हें नियमानुसार देय पारिश्रमिक का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।

ये भी पढ़ें : डीजी जेल पीसी मीना ने दिए लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

उन्होंने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ बंदियों के स्वास्थ्य, सम्मान और कल्याण से जुड़े पहलुओं पर भी लगातार ध्यान दिया जाए। जेल की सभी व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक प्रांजिल अरविन्द, जेलर ओमकार पाण्डेय, जेल चिकित्साधिकारी डॉ. अमन यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here