लखनऊ में पहली बार वुमेन्स क्रिकेट लीग, 23 सितंबर से छह टीमों का मुकाबला

1
178

लखनऊ। नवाबी नगरी में पहली बार होने जा रही लखनऊ वुमेन्स क्रिकेट लीग की ट्रॉफी और लोगो का गुरुवार को बीबीडी बैडमिंटन अकादमी के सभागार में अनावरण किया गया।

लीग का आयोजन 23 सितंबर से 28 सितंबर तक होगा। ट्रॉफी और लोगो का अनावरण क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ लखनऊ (सीएएल) के अध्यक्ष एवं लीग के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल और सीएएल के सचिव केएम खान ने किया। खिलाड़ियों की नीलामी शुक्रवार को होगी।

ट्रॉफी और लोगो का अनावरण

लीग के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल ने बताया कि लखनऊ की महिला क्रिकेटरों के लिए यह अपनी तरह का पहला बड़ा आयोजन है। लीग के जरिए स्थानीय खिलाड़ियों को पेशेवर माहौल में खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि छह टीमों के बीच होने वाली लीग में कुल 12 मैच खेले जाएंगे। लीग का आगाज 23 सितंबर को होगा, जबकि फाइनल 28 सितंबर को खेला जाएगा। शुरुआती मुकाबले गोमती रिवर फ्रंट स्थित सेज क्रिकेट मैदान पर होंगे। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले केडी सिंह बाबू स्टेडियम में फ्लडलाइट में खेले जाएंगे।

डॉ. सहगल ने कहा कि लीग के माध्यम से स्थानीय महिला खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव मिलेगा और उन्हें भविष्य में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए मजबूत मंच उपलब्ध होगा। डे-नाइट टी-20 क्रिकेट के जरिए महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का मौका मिलेगा।

रेटेड खिलाड़ियों को मिलेंगे 10 से 25 हजार रुपये

लीग में खेलने वाली रेटेड खिलाड़ियों को 10 से 25 हजार रुपये तक दिए जाएंगे। इनमें इंडिया-ए के लिए खेल चुकी चांदनी शर्मा के अलावा ऑलराउंडर संध्या यादव, सोनाली सिंह,

आरजू सिंह, अन्वेषा चटर्जी, बल्लेबाज अंशू तिवारी, शशिबालन, प्रियांशी यादव, प्रियांशी पाण्डेय, आयुषी श्रीवास्तव और गेंदबाज शिल्पी व संध्या क्षेत्री शामिल हैं। अन्य खिलाड़ियों का उनके स्तर के अनुसार तीन से पांच हजार रुपये तक बेस प्राइज रखा गया है।

हर फ्रेंचाइजी टीम में 20-20 खिलाड़ी होंगी। इस तरह 120 खिलाड़ी मुख्य टीमों में रहेंगी, जबकि बाकी 20 खिलाड़ी नेट और फील्डिंग में टीमों की मदद करेंगी और एक्सपोजर लेंगी। खिलाड़ियों की नीलामी 18 सितंबर को होगी।

दो पूल में होंगी छह टीमें

लीग के मुकाबले 20-20 ओवर के होंगे और छह ओवर का पावरप्ले होगा। छह टीमों को दो पूलों में बांटा जाएगा, जिसमें प्रत्येक पूल में तीन टीमें होंगी।

लीग चरण के मुकाबलों के बाद प्रत्येक पूल की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। सेमीफाइनल की विजेता टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने पर परिणाम के लिए सुपर ओवर का सहारा लिया जाएगा।

छह टीमें लेंगी हिस्सा

लखनऊ वारियर्स की टीम की मालिक खुशबू, दिबेश एवं मनीष हैं। लखनऊ चैलेंजर्स के मालिक प्रदीप मिश्रा, रहीमाबाद रायल्स के मालिक साद खान, लखनऊ नवाब्स क्वीन के मालिक का नाम घोषित नहीं किया गया है। लखनऊ शेरनीज की टीम के मालिक आरिफ हसन और सेज फाल्कन के मालिक बृजेश यादव हैं।

विजेता को दो लाख, उपविजेता को डेढ़ लाख

लीग की विजेता टीम को दो लाख रुपये और उपविजेता टीम को डेढ़ लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। प्लेयर ऑफ द सीरीज को 10 हजार, पर्पल कैप और ऑरेंज कैप विजेता को 15-15 हजार रुपये तथा प्लेयर ऑफ द मैच को दो हजार रुपये दिए जाएंगे।

इस अवसर पर सीएएल के सचिव केएम खान, लीग के कमिश्नर एसपी मिश्रा, आयोजन सचिव एवं डिप्टी कमिश्नर प्रियंका शैली, आयोजन समिति के अध्यक्ष पीयूष पाण्डेय, संयुक्त सचिव नईम चिश्ती, वित्त समिति के राकेश सिंह सहित आयोजन से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : एशियाड पदक विजेता बाक्सरों के लिए ओलंपिक क्वालीफिकेशन का सीधा रास्ता

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here