लखनऊ। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय कुश्ती दल से पदक की उम्मीदों के बीच लखनऊ में खिलाड़ियों को विदाई दी गई। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (NSRC) में गुरुवार को आयोजित समारोह में आइची-नागोया, जापान जाने वाले पहलवानों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ का सम्मान किया गया।
समारोह में खिलाड़ियों को एशियन गेम्स के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों और अब तक की मेहनत की सराहना की गई।
एशियन गेम्स के लिए भारतीय पुरुष कुश्ती टीम का साई लखनऊ में विदाई समारोह आयोजित
आईपीएस शुभम पटेल समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने एशियन गेम्स के लिए चयनित पहलवानों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
भारतीय फ्रीस्टाइल कुश्ती दल में 60 किलोग्राम वर्ग के सुमित, 77 किलोग्राम के अमन, 87 किलोग्राम के सुनील कुमार और 97 किलोग्राम के नितेश शामिल हैं। इन पहलवानों की तैयारी मुख्य प्रशिक्षक विनोद कुमार, प्रशिक्षक अमरनाथ और विदेशी विशेषज्ञ एम्जारियोस बेंटिनिडिस की देखरेख में चल रही है।
ग्रीको-रोमन वर्ग में 57 किलोग्राम के अमन, 65 किलोग्राम के सुरजीत कलकल, 74 किलोग्राम के सागर जालान, 97 किलोग्राम के दीपक और रजत रोया भारतीय दल का हिस्सा हैं। इस वर्ग में मुख्य प्रशिक्षक हरगोबिंद सिंह के साथ प्रशिक्षक गुरप्रीत सिंह और अमित कुमार तथा विदेशी विशेषज्ञ गोगी कोगुआशविली खिलाड़ियों की तैयारी में जुटे हैं।
खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी के लिए फिजियोथेरेपिस्ट रंजन कुमार और मसाजर अविनाश कुमार भी दल के साथ हैं। प्रशिक्षण से लेकर प्रतियोगिता तक खिलाड़ियों की शारीरिक तैयारी और रिकवरी में सहयोगी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
समारोह में SAI NSRC के क्षेत्रीय निदेशक (प्रभारी) आत्मप्रकाश, निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, सहायक निदेशक मनीष कुमार और सहायक निदेशक प्रवीण कुमार सीएम सहित केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए एशियन गेम्स में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
SAI NSRC लखनऊ में भारतीय कुश्ती दल की तैयारियां चलती रही हैं। केंद्र की ओर से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खेल प्रतिभाओं को तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
ये भी पढ़ें : विश्व चैंपियनशिप चयन ट्रायल में सुजीत कलकल समेत 12 पहलवान चैंपियन
ये भी पढ़ें : एशियाई खेल : अमन, सुजीत और दीपक पूनिया भारतीय पुरुष कुश्ती टीम में











