लखनऊ। गांधी जयंती के अवसर पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश की सभी ग्राम सभाओं में विशेष बैठकों का आयोजन किया गया। प्रदेशभर में आयोजित इन बैठकों में वीबी-जी राम जी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। साथ ही ग्रामीणों को योजना के प्रमुख प्रावधानों और विकसित ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) की जानकारी दी गई।
गांधी जयंती पर प्रदेश की ग्राम पंचायतों में विशेष बैठकों का आयोजन
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में ग्राम्य विकास विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन बैठकों में ग्रामीणों के साथ गांव की आवश्यकताओं और विकसित ग्राम पंचायत प्लान पर चर्चा की गई।
ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों की दी गई जानकारी
ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में वीबी-जी राम जी योजना और वीजीपीपी पर विशेष रूप से चर्चा हुई। आयुक्त ग्राम विकास विभाग, उत्तर प्रदेश प्रमोद कुमार उपाध्याय के निर्देशों के अनुपालन में सभी जिलों में मुख्य विकास अधिकारियों की देखरेख में बैठकों का संचालन सुनिश्चित किया गया।
नोडल अधिकारियों ने किया अनुश्रवण
ग्राम सभा से संबंधित निर्देशों के अनुपालन और योजनाओं की प्रगति के अनुश्रवण के लिए प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास विभाग की ओर से जनपदवार नामित नोडल अधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित जिलों का दौरा किया।
अधिकारियों ने सेवा संकल्प अभियान और विशेष ग्राम सभा के तहत आयोजित गतिविधियों का अनुश्रवण किया। सभी नोडल अधिकारी अपनी विस्तृत रिपोर्ट आयुक्त, ग्राम्य विकास को सौंपेंगे।
ग्रामीणों को योजना के प्रमुख प्रावधानों की दी जानकारी
प्रदेश की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित बैठकों के दौरान पंचायत सचिवों ने ग्रामीणों के साथ वार्ता के प्रमुख बिंदु साझा किए और वीबी-जी राम जी अधिनियम की मुख्य विशेषताओं की जानकारी दी।
ग्रामीणों को बताया गया कि योजना के तहत अब ग्रामीण परिवारों को साल में 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलेगी। काम की मांग करने के 15 दिनों के भीतर रोजगार उपलब्ध नहीं होने पर बेरोजगारी भत्ता तथा मजदूरी के भुगतान में देरी होने पर क्षतिपूर्ति का भी प्रावधान किया गया है।
375 प्रकार के कार्यों के चयन की सुविधा
बैठकों में बताया गया कि गांव की वास्तविक जरूरतों के आधार पर अब 375 प्रकार के स्वीकृत कार्यों का चयन किया जा सकेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ और उपयोगी परिसंपत्तियों के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा।
प्रदेशभर में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इन बैठकों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ गांव के विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।
ये भी पढ़ें : ग्राम पंचायत प्लान पर तकनीकी सहायक प्रशिक्षित, 375 कार्यों पर जोर
ये भी पढ़ें : 2047 तक विकसित उत्तर प्रदेश के लिए विभागों ने रखा ब्लूप्रिंट












