लखनऊ। गांधी जयंती के अवसर पर कारागार मुख्यालय, लखनऊ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई।
कार्यक्रम में महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश पी०सी० मीना, अपर महानिरीक्षक कारागार धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक कारागार प्रदीप गुप्ता एवं सुभाष चन्द्र शाक्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

महानिदेशक पी०सी० मीना ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण किया। अपने संबोधन में उन्होंने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, सादगी, नैतिकता और मानवता के आदर्शों को कारागार प्रशासन की कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कारागार व्यवस्था में सुरक्षा एवं अनुशासन के साथ सुधार, पुनर्वास तथा मानवीय दृष्टिकोण को भी महत्व दिया जाना आवश्यक है।
उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, योग एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बंदियों में सकारात्मक परिवर्तन और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने की आवश्यकता बताई।
समारोह के अंत में कारागारों को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ, अनुशासित एवं सुधारोन्मुख बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निष्ठापूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों को उपहार भी वितरित किए गए।











