गांधी जयंती पर प्रदेशभर की ग्राम सभाओं में वीबी-जी राम जी योजना का हुआ व्यापक प्रचार-प्रसार

0
30

लखनऊ। गांधी जयंती के पावन अवसर पर आज उत्तर प्रदेश की समस्त ग्राम सभाओं में विशेष बैठकों का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस दौरान प्रदेशभर में वीबी-जी राम जी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया और ग्रामीणों को योजना के महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रदेश की ग्राम पंचायतों में आयोजित की गई ग्राम सभा, ग्राम सभा में विकसित ग्राम पंचायत प्लान पर ग्रामीणों के साथ चर्चा

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा जारी विस्तृत दिशा-निर्देशों के अनुरूप यह कार्यक्रम संपूर्ण प्रदेश में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ।

विकसित भारत की राम जी योजना की विशेषताओं के प्रति किया गया जागरूक

ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार आयोजित इन विशेष ग्राम सभाओं में वीबी-जी राम जी योजना और विकसित ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) पर प्रमुखता से चर्चा की गई। आयुक्त ग्राम विकास विभाग, उत्तर प्रदेश प्रमोद कुमार उपाध्याय द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों की देखरेख में बैठकों का संचालन सुनिश्चित किया गया।

ग्राम सभा से संबंधित निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा योजनाओं की प्रगति का अनुश्रवण करने हेतु प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा जनपदों के लिए नामित नोडल अधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित जिलों में पहुंचकर सेवा संकल्प अभियान एवं विशेष ग्राम सभा की गतिविधियों का प्रभावी अनुश्रवण भी किया। ये समस्त नोडल अधिकारी अपनी विस्तृत रिपोर्ट आयुक्त, ग्राम्य विकास को सौंपेंगे।

प्रदेश की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित इन बैठकों के दौरान पंचायत सचिवों ने ग्रामीणों के साथ वार्ता के बिंदु साझा किए और वीबी-जी राम जी अधिनियम की मुख्य विशेषताओं से अवगत कराया।

ग्रामीणों को बताया गया कि योजना के तहत अब ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलेगी। इसके साथ ही, काम की मांग करने के 15 दिनों के भीतर रोजगार न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता तथा मजदूरी भुगतान में विलंब होने पर क्षतिपूर्ति का कड़ा प्रावधान किया गया है।

गाँव की वास्तविक आवश्यकताओं के आधार पर अब 375 प्रकार के स्वीकृत कार्यों का चयन किया जा सकेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ और उपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण संभव हो सकेगा। प्रदेशभर के ग्रामीणों ने इस योजना का सहर्ष स्वागत किया और पूरे उत्साह के साथ गांधी जयंती मनाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here