लखनऊ। जीएसएमए (GSMA) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने भारती एयरटेल के एक्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल को 2027-2028 के कार्यकाल के लिए एक बार फिर बोर्ड का चेयरमैन चुना है। उनका कार्यकाल दिसंबर 2028 तक रहेगा।
राल्फ मुपिता और मार्गेरिटा डेल्ला वाल्ले 2028 तक को-डिप्टी चेयर की जिम्मेदारी संभालेंगे
विट्टल पिछले 10 वर्षों से जीएसएमए बोर्ड के सदस्य हैं और वर्ष 2025 से चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। बोर्ड ने एमटीएन ग्रुप के ग्रुप प्रेसिडेंट एवं सीईओ राल्फ मुपिता को दोबारा को-डिप्टी चेयर चुना है। वहीं, वोडाफोन ग्रुप की सीईओ मार्गेरिटा डेल्ला वाल्ले को भी इसी पद के लिए चुना गया है। दोनों दिसंबर 2028 तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
जीएसएमए के चेयरमैन के रूप में गोपाल विट्टल संगठन की रणनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जीएसएमए वैश्विक मोबाइल ऑपरेटरों और व्यापक मोबाइल इकोसिस्टम से जुड़ी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाला संगठन है।
दोबारा चुने जाने पर गोपाल विट्टल ने कहा, “जीएसएमए बोर्ड के चेयर के रूप में दूसरी बार फिर चुना जाना मेरे लिए सम्मान की बात है। हमारा उद्योग एक नए युग में प्रवेश कर रहा है, जहां उन्नत नेटवर्क, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ओपन डिजिटल प्लेटफॉर्म महत्वपूर्ण आर्थिक और सामाजिक मूल्य का सृजन कर सकते हैं।
हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता सिक्योरिटी है। आज बढ़ते खतरों को देखते हुए देशों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, स्कैम और धोखाधड़ी के बढ़ते खतरों से ग्राहकों की रक्षा करना तथा इंडस्ट्री को सस्टेनेबल बनाकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकताएं हैं।
इससे इंडस्ट्री टेक्नोलॉजी में भविष्य को ध्यान में रखकर निवेश जारी रख सकेगी और दुनिया के सभी हिस्सों में बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर सकेगी। मैं जीएसएमए टीम और अपने साथी बोर्ड मेंबर्स के साथ इस महत्वपूर्ण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं।
साथ ही, को-डिप्टी चेयर राल्फ मुपिता और मार्गेरिटा डेल्ला वाल्ले के साथ काम करने को लेकर भी उत्साहित हूं। उनका अनुभव, भौगोलिक दायरे की व्यापकता और विशेषज्ञ समझ इस एजेंडे को आगे बढ़ाने में हमारी बड़ी ताकत साबित होगी।”
गोपाल विट्टल भारती एयरटेल के एक्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन हैं। ग्राहक संख्या के लिहाज से भारती एयरटेल दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी मोबाइल दूरसंचार कंपनी है।
वह भारती एयरटेल और उसकी सहायक कंपनियों का मार्गदर्शन करते हैं। इसके साथ ही डिजिटल एवं प्रौद्योगिकी, नेटवर्क रणनीति, खरीद और प्रतिभा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में समूह की रणनीति और तालमेल को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी संभालते हैं।
ये भी पढ़ें : अब 1200 से ज्यादा शहरों में मिलेगा हाई स्पीड वाई-फाई : गोपाल विट्टल
वह एयरटेल अफ्रीका और एयरटेल पेमेंट्स बैंक के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन भी हैं। इसके अलावा बीटी ग्रुप के बोर्ड में नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं। उनके नेतृत्व में एयरटेल ने मोबाइल, होम्स, बीटूबी और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में अपना मजबूत पोर्टफोलियो विकसित किया है।
कंपनी ने दुनिया के सबसे प्रतिस्पर्धी दूरसंचार बाजारों में से एक में अब तक की सर्वाधिक रेवेन्यू मार्केट शेयर भी हासिल की है।
राल्फ मुपिता सितंबर 2020 से एमटीएन ग्रुप के ग्रुप प्रेसिडेंट एवं सीईओ हैं। इससे पहले वह कंपनी के ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर रह चुके हैं। अप्रैल 2025 से वह जीएसएमए के डिप्टी चेयर हैं।
वह ब्रॉडबैंड कमीशन फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट के कमिश्नर और आईटीयू के एआई फॉर गुड ग्लोबल कमीशन के संस्थापक कमिश्नर भी हैं। मुपिता एमटीएन की ‘एम्बिशन 2030’ रणनीति का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य अफ्रीका में कनेक्टिविटी, फिनटेक और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े अवसरों का विस्तार करना है।
वहीं, मार्गेरिटा डेल्ला वाल्ले जनवरी 2023 से वोडाफोन ग्रुप की चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर हैं। इससे पहले वह वर्ष 2018 से ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर के रूप में कार्यरत थीं। उनके नेतृत्व में वोडाफोन ने अपने कारोबार को अधिक सरल और मजबूत बनाने की दिशा में बदलाव किए हैं।












