लखनऊ। लखनऊ में पहली बार आयोजित की जा रही लखनऊ वुमेन्स प्रीमियर लीग-2026 का बुधवार को गोमती रिवर फ्रंट स्थित सेज क्रिकेटर स्टेडियम में भव्य शुभारंभ होगा।
छह दिवसीय इस लीग में लखनऊ की खिलाड़ियों से सजी छह टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। लीग के दौरान कुछ मुकाबले दिन में, जबकि कुछ मैच शाम को फ्लड लाइट में खेले जाएंगे।
लीग के चेयरमैन एवं सीएएल अध्यक्ष डा. नवनीत सहगल ने बताया कि लखनऊ की महिला क्रिकेटरों के लिए यह अपनी तरह का पहला बड़ा आयोजन है। लीग के माध्यम से पहली बार पेशेवर रवैये के साथ महिला खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लीग से स्थानीय महिला खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव मिलेगा और उन्हें भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए मजबूत मंच मिलेगा। डे-नाइट टी-20 क्रिकेट के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का भी अवसर मिलेगा।
लीग में कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग चरण में छह मैच होंगे, जिसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
खिताबी मुकाबले की विजेता टीम को दो लाख रुपये और उपविजेता टीम को 1.50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा पर्पल कैप, ऑरेंज कैप, प्लेयर ऑफ द लीग और प्लेयर ऑफ द मैच सहित अन्य पुरस्कार भी नकद दिए जाएंगे।
उद्घाटन के दिन बुधवार को दिन में रहीमाबाद रॉयल्स और लखनऊ शेरनीज के बीच मुकाबला खेला जाएगा। वहीं शाम छह बजे लीग का औपचारिक उद्घाटन होगा, जिसके बाद सेज फाल्कन और 4 स्क्वायर वारियर्स के बीच मुकाबला होगा।लीग में इंडिया-ए के लिए खेल चुकी चांदनी शर्मा आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगी।
उनके अलावा ऑलराउंडर संध्या यादव, सोनाली सिंह, आरजू सिंह और अन्वेषा चटर्जी, बल्लेबाज अंशू तिवारी, शशिबालन, प्रियांशी यादव, प्रियांशी पाण्डेय और आयुषी श्रीवास्तव तथा गेंदबाज शिल्पी और संध्या क्षेत्री समेत कई नामचीन महिला क्रिकेटर विभिन्न टीमों की ओर से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
ये भी पढ़ें : महिला क्रिकेटरों के लिए खुला फ्रेंचाइजी का पर्स, 25 हजार तक लगी बोली










