हाईलाइट्स
● एनआरएआई ने आइची-नागोया एशियाई खेलों के लिए 30 सदस्यीय भारतीय निशानेबाजी टीम की घोषणा की
● भारतीय दल में 15 पुरुष और 15 महिला निशानेबाज शामिल, 18 खिलाड़ी राइफल-पिस्टल और 12 शॉटगन वर्ग से
● मनु भाकर, ईशा सिंह, रुद्रांक्ष पाटिल और विदार्सा विनोद एक से अधिक स्पर्धाओं में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 20वें एशियाई खेलों के लिए भारत की 30 सदस्यीय निशानेबाजी टीम की घोषणा कर दी है। भारतीय दल में 15 पुरुष और 15 महिला निशानेबाजों को शामिल किया गया है।
निशानेबाजी स्पर्धाएं 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आइची प्रीफेक्चरल जनरल शूटिंग रेंज में आयोजित होंगी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा निर्धारित सभी पात्रता मानकों को खिलाड़ियों ने पूरा किया, लेकिन आयोजन समिति की सीमित कोटा प्रणाली के कारण अंतिम टीम 30 खिलाड़ियों तक सीमित रखी गई है।
कई स्पर्धाओं में उतरेंगे भारत के स्टार निशानेबाज
चयन समिति ने ऐसे खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी है जो एक से अधिक स्पर्धाओं में भाग लेने की क्षमता रखते हैं। इसका उद्देश्य अधिकतम स्पर्धाओं में भागीदारी सुनिश्चित कर भारत की पदक संभावनाओं को मजबूत करना है।
इसी रणनीति के तहत विदार्सा के. विनोद, रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल, मनु भाकर और ईशा सिंह को एक से अधिक इवेंट में शामिल किया गया है। हालांकि विभिन्न स्पर्धाओं में इन खिलाड़ियों के नाम बार-बार दिखाई देते हैं, लेकिन भारतीय दल में खिलाड़ियों की वास्तविक संख्या 30 ही है।
एनआरएआई अध्यक्ष ने जताया भरोसा
एनआरएआई अध्यक्ष कालीकेश सिंह देव ने कहा कि भारतीय निशानेबाजी में प्रतिभा का स्तर लगातार बढ़ा है और अंतिम टीम का चयन करना बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह दल एशियाई खेलों में भारत को मजबूत दावेदार के रूप में प्रस्तुत करेगा और पदक तालिका में बेहतर प्रदर्शन करेगा।
हालिया प्रदर्शन से बढ़ी उम्मीदें
भारतीय निशानेबाजों ने हाल के महीनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। आईएसएसएफ विश्व कप में भारतीय खिलाड़ियों ने कई पदक अपने नाम किए।
म्यूनिख विश्व कप में ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के साथ विश्व रिकॉर्ड भी बनाया था। वहीं 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में सुरुचि इंदर सिंह और ईशा सिंह ने क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीतकर भारत की दावेदारी मजबूत की थी।
क्या है दांव पर?
आइची-नागोया एशियाई खेलों में निशानेबाजी भारत के सबसे मजबूत खेलों में से एक मानी जा रही है। मनु भाकर, ईशा सिंह, रुद्रांक्ष पाटिल, एलावेनिल वलारिवन और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों से देश को पदकों की बड़ी उम्मीदें रहेंगी।
ये भी पढ़ें : टी4 ट्रायल्स में सरबजोत, लक्ष्यिता, अखिल और साक्षी बने चैंपियन
राइफल-पिस्टल वर्ग में ये खिलाड़ी करेंगे प्रतिनिधित्व
पुरुष
- 10 मीटर एयर राइफल: पार्थ राकेश माने, हिमांशु ढिल्लों, रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल
- 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन: ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार, रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल
- 10 मीटर एयर पिस्टल: केदारलिंग बी. उचगांवकर, गौरव, कमलजीत
- 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल: अनीश भानवाला
महिला
- 10 मीटर एयर राइफल: एलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मास्कर, विदार्सा के. विनोद
- 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन: आशी चौकसी, विदार्सा के. विनोद, तिलोत्तमा सेन
- 10 मीटर एयर पिस्टल: सुरुचि इंदर सिंह, ईशा सिंह, मनु भाकर
- 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल: ईशा सिंह, मनु भाकर, राही सरनोबत
शॉटगन वर्ग में 12 निशानेबाज शामिल
- ट्रैप (पुरुष): कायनन चेनाई, अहवार रिजवी, शपथ भारद्वाज
- ट्रैप (महिला): नीरू धांडा, मनीषा कीर, आशिमा अहलावत
- स्कीट (पुरुष): अनंतजीत सिंह नरुका, भवतेग सिंह गिल, मैराज अहमद खान
- स्कीट (महिला): परीनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों, महेश्वरी चौहान
मिक्स्ड टीम स्पर्धाओं में भी भारत की मजबूत दावेदारी
- 10 मीटर एयर राइफल (मिक्स्ड टीम):
- पार्थ राकेश माने
- एलावेनिल वलारिवन
- 10 मीटर एयर पिस्टल (मिक्स्ड टीम):
- सुरुचि इंदर सिंह
- केदारलिंग बालकृष्ण उचागनवे
- ट्रैप मिक्स्ड टीम:
- कायनन चेनाई
- नीरू धांडा
- स्कीट मिक्स्ड टीम:
- अनंतजीत सिंह नरुका
- परीनाज़ धालीवाल













