भाकृअनुप-भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ में हिंदी पखवाड़ा 2026 का पुरस्कार एवं समापन समारोह आज उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि लखनऊ छावनी परिषद् के मुख्य अधिशासी अधिकारी अभिषेक राठौड़, आईडीईएस रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. एस. एन. सुशील ने की। समारोह के दौरान हिंदी पखवाड़े की विभिन्न गतिविधियों पर आधारित ई-पत्रिका ‘पखवाड़ा बुलेटिन’ का डिजिटल विमोचन किया गया। इसके पश्चात पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित 14 प्रतियोगिताओं में कुल 138 प्रतिभागियों ने भाग लिया। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कुल 99 पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार विजेताओं को प्रोत्साहन राशि के रूप में लगभग एक लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
पखवाड़े के दौरान नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), कार्यालय-3 के सदस्य कार्यालयों के कार्मिकों के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समापन समारोह में नराकास कार्यालय-3 के विभिन्न सदस्य कार्यालयों से अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। सदस्य कार्यालयों से आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 अधिकारियों एवं कार्मिकों को भी समारोह के दौरान पुरस्कृत किया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में संस्थान के निदेशक डॉ. एस. एन. सुशील ने वैज्ञानिक अनुसंधान एवं किसानों तक तकनीकी जानकारी के प्रभावी प्रसार में स्थानीय एवं किसानों की भाषा के महत्व को रेखांकित किया। मुख्य अतिथि अभिषेक राठौड़ ने प्रशासनिक कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग को प्रशासनिक उन्नयन का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
संस्थान के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अभिषेक श्रीवास्तव ने संस्थान में हिंदी में किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राजभाषा हिंदी का निरंतर एवं प्रभावी प्रयोग करते रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संयोजन संस्थान के सहायक निदेशक (राजभाषा) अभिषेक प्रकाश ने किया। कार्यक्रम का संचालन अकादमिक प्रकोष्ठ की छात्राओं वैभवी एवं रिद्धि ने किया। अंत में अभिषेक सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह के साथ हिंदी पखवाड़ा 2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ।













