लखनऊ। आखिरी ओवरों में सान्वी भाटिया (3/19) की कसी हुई गेंदबाजी के दम पर लखनऊ शेरनीज ने लखनऊ विमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन की चमचमाती ट्रॉफी सेज फाल्कन को सात रन से हराकर अपने नाम कर ली।
सेज ग्राउंड पर सोमवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में शेरनीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 114 रन बनाए थे। जवाब में सेज फाल्कन की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 107 रन ही बना सकी।
आयुषी के नाबाद 57 के बाद सान्वी ने झटके तीन विकेट, सेज फाल्कन की सात रन से हार
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेज फाल्कन ने अच्छी शुरुआत की। आरजू सिंह के क्रीज पर रहते हुए टीम की जीत की उम्मीदें बनी हुई थीं। आरजू ने 42 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 40 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद सेज फाल्कन पर दबाव बढ़ता गया। सोनाली सिंह ने 30 रन बनाकर नाबाद रहते हुए संघर्ष जारी रखा।
अंडर-19 विश्व कप विजेता भारतीय टीम की सदस्य रह चुकीं अर्चना ने भी कुछ अच्छे स्ट्रोक लगाए, लेकिन उनकी पारी नौ रन तक ही पहुंच सकी।
शेरनीज की सान्वी भाटिया ने आखिरी ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हुए अर्चना, श्रद्धा और निधि को पवेलियन भेजा और टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। सेज फाल्कन 20 ओवर में सात विकेट पर 107 रन ही बना सकी। इससे पहले सेज फाल्कन ने टॉस जीतकर लखनऊ शेरनीज को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
शेरनीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अंशू तिवारी नौ रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हो गईं, जबकि वगीशा सिंह चार रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। 21 रन के स्कोर पर वगीशा के आउट होने के बाद 33 रन के स्कोर पर नई बल्लेबाज सान्वी भाटिया भी 10 रन बनाकर आउट हो गईं।
इसके बाद आयुषी श्रीवास्तव और कात्यानी पाठक ने पारी को संभाला। दोनों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सेज फाल्कन के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और टीम का स्कोर 33 रन से 113 रन तक पहुंचा दिया।
दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 89 रन की शानदार साझेदारी हुई। 113 रन के स्कोर पर कात्यानी पाठक को अर्चना यादव ने ताशू के हाथों कैच करा दिया।
ये भी पढ़ें : लखनऊ शेरनीज की दहाड़, नवाबी क्वीन को हराकर फाइनल में की एंट्री
कात्यानी ने 29 गेंदों पर दो चौकों और दो शानदार छक्कों की मदद से 31 रन बनाए। इसके बाद इशिता एक रन और संध्या बिना खाता खोले आउट हो गईं। हालांकि आयुषी श्रीवास्तव आखिरी तक नाबाद रहीं। उन्होंने 36 गेंदों पर नाबाद 57 रन की पारी खेली, जो इस लीग में उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर रहा। आयुषी की पारी में आठ चौके शामिल रहे।
सेज फाल्कन की ओर से अर्चना यादव ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए, जबकि निधि सिंह को एक विकेट मिला। शेरनीज का 114 रन का स्कोर इस लीग में किसी भी टीम का अब तक का सर्वाधिक स्कोर रहा।
खेल मंत्री ने दिए पुरस्कार
फाइनल के बाद खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने विजेता और अन्य पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। समारोह में सीएएल के अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल, सचिव केएम खान, लीग के कमिश्नर एसपी मिश्रा, डिप्टी कमिश्नर प्रियंका शैली, लीग अध्यक्ष पीयूष पाण्डेय समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
आरजू और प्रियांशी को गोद लिया
समारोह में डॉ. नवनीत सहगल ने बताया कि मुंबई के एक उद्योग घराने ने सेज फाल्कन की बल्लेबाज आरजू सिंह और आरईपीएल चैलेंजर्स की गेंदबाज प्रियांशी यादव को गोद लिया है। कंपनी इन दोनों खिलाड़ियों के अभ्यास और प्रशिक्षण का खर्च उठाएगी।
संक्षिप्त स्कोर
लखनऊ शेरनीज : 20 ओवर में 6 विकेट पर 114 रन — आयुषी श्रीवास्तव 57 नाबाद, कात्यानी पाठक 31, सान्वी भाटिया 10। अर्चना यादव 4/11, निधि सिंह 1/29।
सेज फाल्कन : 20 ओवर में 7 विकेट पर 107 रन — आरजू सिंह 40, सोनाली सिंह 30 नाबाद, शर्गुन 10, अर्चना 9। सान्वी भाटिया 3/19, संध्या, कात्यानी पाठक और अंशू तिवारी को एक-एक विकेट।
- प्लेयर ऑफ द मैच : आयुषी श्रीवास्तव (लखनऊ शेरनीज)
- प्लेयर ऑफ द लीग : कात्यानी पाठक (लखनऊ शेरनीज)
- सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज : प्रियांशी यादव (आरईपीएल चैलेंजर्स)
- सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज : आरजू सिंह (सेज फाल्कन), तीन मैच
- सर्वश्रेष्ठ कैच : पायल चौरसिया (आरईपीएल चैलेंजर्स)













