लखनऊ। जनपदीय माध्यमिक विद्यालयी राइफल शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का आयोजन बुधवार को बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज, काकोरी के तत्वावधान में डी-शार्प शूटर एकेडमी, जानकीपुरम में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के छात्र-छात्राओं ने निशानेबाजी में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जनपदीय माध्यमिक विद्यालय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में जीती चैंपियनशिप ट्रॉफी
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज, काकोरी ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इससे पूर्व शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. राजकुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि एवं मंडलीय क्रीड़ा सचिव विश्वजीत पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर डॉ. राजकुमार सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क का निर्माण खेलों के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के ओपन साइट वर्ग में अंडर-14 बालक वर्ग में सूर्या ने स्वर्ण, आदर्श पाल ने रजत और शिवांश ने कांस्य पदक जीता। अंडर-17 बालक वर्ग में दीपक रावत स्वर्ण, प्रतीक यादव रजत तथा गौरव कांस्य पदक विजेता रहे।
अंडर-19 बालक वर्ग में यशवेंद्र गौतम ने स्वर्ण, ऋषि ने रजत और शिवम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इन तीनों वर्गों के सभी पदक विजेता बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज, काकोरी के छात्र रहे।
अंडर-19 बालिका वर्ग में आर कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, बादशाह नगर की छात्राओं ने दबदबा कायम रखा। पिंकी ने स्वर्ण, मुस्कान ने रजत और अदिति कश्यप ने कांस्य पदक जीता।
समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि यशवेंद्र सिंह, प्रबंधक, डी-शार्प शूटर एकेडमी तथा विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजकुमार सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में चयनित छात्र-छात्राएं अब 12 अगस्त 2026 को रायबरेली में आयोजित होने वाली मंडलीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में लखनऊ जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ये भी पढ़ें : सीआईएससीई (यूपी) रीजनल गर्ल्स कबड्डी में वाराणसी- गाजियाबाद का दबदबा
इस अवसर पर मंडलीय क्रीड़ा समिति के सचिव विश्वजीत पांडे, अंकुर पांडे, प्रवीण शर्मा, प्रमिला भारती, लईक अहमद, परमेंद्र मिश्रा, विप्लव चौधरी, ममता सिंह, अमित कुमार, नंदिनी गुप्ता, राधा, शिल्पी तथा शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष हिमांशु शुक्ला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।













