इंटर-ग्रुप थल सैनिक कैंप में लखनऊ ग्रुप की बॉयज़ टीम ओवरऑल चैंपियन

0
48

लखनऊ। मेरठ में आयोजित इंटर-ग्रुप थल सैनिक कैंप (टीएससी) चैंपियनशिप-2026 में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, लखनऊ की बॉयज़ टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के अंतर्गत आने वाले 11 एनसीसी ग्रुपों के बीच ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

लखनऊ ग्रुप की टीम के चयन, प्रशिक्षण और समन्वय की जिम्मेदारी 63 यूपी बटालियन एनसीसी को सौंपी गई थी। ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव (वीएसएम) तथा 63 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनिल शर्मा के मार्गदर्शन में टीम ने लेफ्टिनेंट कर्नल नीरज गहलोत (प्रशासनिक अधिकारी) की देखरेख में प्रतियोगिता के लिए गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया।

सूबेदार मेजर अरविंद कुमार यादव एवं 63 यूपी बटालियन के पीआई स्टाफ ने एनसीसी के आदर्श वाक्य “एकता और अनुशासन” को आधार बनाकर कैडेटों को विभिन्न प्रतियोगी स्पर्धाओं के लिए तैयार किया।

कठोर प्रशिक्षण और अनुशासित प्रदर्शन का परिणाम यह रहा कि लखनऊ ग्रुप ने सभी प्रतिद्वंद्वी टीमों को पीछे छोड़ते हुए इंटर-ग्रुप प्रतियोगिता (आईसीसी-टीएससी) में पहला स्थान हासिल किया और ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

ये भी पढ़ें : एनसीसी लखनऊ ग्रुप की गर्ल्स टीम ने शूटिंग चैंपियनशिप ट्रॉफी पर किया कब्जा

ओवरऑल चैंपियनशिप के साथ लखनऊ ग्रुप के कैडेटों ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में दिए गए 15 व्यक्तिगत पदकों में से 6 पदक (2 स्वर्ण और 4 रजत) लखनऊ ग्रुप के खाते में आए।

पदक विजेताओं में कैडेट हर्ष रस्तोगी, कैडेट राहुल राय, कैडेट हरजोत सिंह, कैडेट ज्येष्ठ जी, कैडेट सिद्धांत सिंह और कैडेट शिवांश कुशवाहा शामिल रहे।

इन कैडेटों ने फायरिंग, सर्विस सब्जेक्ट रिटन एग्जामिनेशन (एसएसडब्ल्यूई), हेल्थ एंड हाइजीन तथा जजिंग डिस्टेंस एंड फील्ड सिग्नल्स (जेडी एंड एफएस) जैसी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी दक्षता का परिचय दिया।

इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर लखनऊ ग्रुप के चयनित कैडेट अब प्रशिक्षण के अगले चरण में हिस्सा लेंगे, जहां उनका चयन नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप (टीएससी) में उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया जाएगा।

लखनऊ लौटने पर विजेता टीम का एनसीसी अधिकारियों, प्रशिक्षकों और साथी कैडेटों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस उपलब्धि से एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, लखनऊ और 63 यूपी बटालियन एनसीसी में उत्साह और गर्व का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here