लखनऊ। क्रिकेट की तीन अलग-अलग भूमिकाओं में अपनी पहचान बनाने वाली तीन शख्सियतें एक मंच पर सम्मानित हुईं।
इकाना स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के दौरान मंगलवार को आयोजित विशेष समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा, वरिष्ठ क्रिकेट कमेंटेटर एवं पद्मश्री सुशील दोषी और यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर को लखनऊ स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन (एलएसजेए) ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
यूपी टी-20 लीग के दौरान आयोजित इस सम्मान समारोह में क्रिकेट और खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाली अन्य प्रमुख हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ क्रिकेट कमेंटेटर अनुराग श्रीवास्तव, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, यूपी क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम और मीडिया संयोजक अहमद अली खान ‘तालिब’ को भी स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

इस अवसर पर डॉ. संजय कपूर ने सम्मान के लिए लखनऊ स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे परिवार, प्रशिक्षकों, टीमों और खेल पत्रकारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने आगे कहा कि खेल पत्रकारिता खिलाड़ियों की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के साथ उन्हें पहचान दिलाने में अहम कड़ी का काम करती है। उन्होंने कहा कि खेल आयोजकों और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से प्रदेश में खेलों के माहौल को और मजबूत किया जा सकता है। समारोह में एलएसजेए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं संस्थापक सदस्य दिव्य नौटियाल और सचिव एम.एम. अरशद सहित खेल और मीडिया जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।













