लखनऊ। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) लखनऊ मुख्यालय के अंतर्गत 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन द्वारा श्री रामस्वरूप मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट, तिवारीगंज में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी)
के सातवें दिन बुधवार को उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम तथा लखनऊ एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव, वीएसएम ने शिविर का निरीक्षण किया।
लखनऊ में एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का किया निरीक्षण
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक के नेतृत्व में संचालित शिविर में दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का कैडेट्स ने अनुशासित गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिविर की विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया और कैडेट्स से संवाद भी किया।
इस अवसर पर रेड ब्रिगेड संस्था की संस्थापक ऊषा विश्वकर्मा एवं उनकी टीम द्वारा आयोजित आत्मरक्षा कार्यशाला में प्रशिक्षित कैडेट्स ने आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में अमरेन फाउंडेशन की रेणुका टंडन भी उपस्थित रहीं।
कैडेट्स को संबोधित करते हुए मेजर जनरल गौरव गौतम ने कहा कि बेटियों को आत्मविश्वासी, स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त युवा ही किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना कर सकते हैं। उन्होंने कैडेट्स को तकनीकी रूप से दक्ष बनने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर की रसोई, भोजनालय तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का भी जायजा लिया और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने प्रदेश स्तरीय थल सैनिक कैंप के लिए लखनऊ ग्रुप की टीम द्वारा की जा रही तैयारियों का भी निरीक्षण किया।
शिविर में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण तथा आत्मरक्षा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास हो सके।
ये भी पढ़ें : रक्षा प्रतिष्ठानों की ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाएगी सीतापुर की सौर ऊर्जा परियोजना
ये भी पढ़ें : एनसीसी कैंप में एडीजी मेजर जनरल गौरव गौतम ने दिया राष्ट्र प्रथम का संदेश
ये भी पढ़ें : एनसीसी कैडेट्स को मिला सैन्य कौशल और सड़क सुरक्षा का प्रशिक्षण













