बालिकाओं में गोमतीनगर और संस्कृत पाठशाला का दबदबा

0
50

लखनऊ। जनपदीय विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन गुरुवार को लखनऊ में संपन्न हुआ। बालक वर्ग की प्रतियोगिताएं कालीचरण इंटर कॉलेज, चौक में जबकि बालिका वर्ग के मुकाबले पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, अन्यैया खरगापुर में आयोजित किए गए।

प्रतियोगिता में शहर के 10 विद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मनीष तिवारी तथा कालीचरण इंटर कॉलेज के उपप्रधानाचार्य राकेश सोनी ने किया।

जनपदीय विद्यालय हैंडबॉल प्रतियोगिता 

बालिका वर्ग की प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोमतीनगर और संस्कृत पाठशाला इंटर कॉलेज का दबदबा देखने को मिला। अंडर-19 वर्ग में संस्कृत पाठशाला इंटर कॉलेज ने खिताब अपने नाम किया, जबकि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोमतीनगर उपविजेता रहा।

अंडर-17 वर्ग में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोमतीनगर ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया तथा संस्कृत पाठशाला इंटर कॉलेज सदर उपविजेता रहा। अंडर-14 वर्ग में भी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोमतीनगर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि संस्कृत पाठशाला इंटर कॉलेज उपविजेता रहा।

बालक वर्ग में पर्याप्त टीमों की संख्या नहीं होने के कारण प्रतियोगिता आयोजित नहीं की जा सकी। ऐसे में मंडलीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया।

ये भी पढ़ें : खालसा इंटर कॉलेज व जनता गर्ल्स इंटर कॉलेज बने चैंपियन

प्रतियोगिता में कालीचरण इंटर कॉलेज, संस्कृत पाठशाला इंटर कॉलेज (सदर), राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोमतीनगर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज अन्यैया खरगापुर, एम.डी. शुक्ला इंटर कॉलेज, काशीश्वर इंटर कॉलेज सहित कुल 10 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में जनपदीय खेल सचिव अमित कुमार श्रीवास्तव के साथ वेद प्रकाश यादव, सोमेश कुमार, बृजेश राज, प्रगति श्रीवास्तव, आलोक कल्याणी, राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन समारोह में प्रधानाचार्य मनीष तिवारी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए।

प्रतियोगिता में चयनित बालक एवं बालिका खिलाड़ी अब 11 एवं 12 अगस्त 2026 को लखीमपुर में आयोजित होने वाली मंडलीय विद्यालय हैंडबॉल प्रतियोगिता में लखनऊ जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here