लखनऊ में 124वें अधिकारी आधारभूत प्रशिक्षण बैच-2026 का शुभारम्भ

0
26

लखनऊ : डा० सम्पूर्णानन्द कारागार प्रशिक्षण संस्थान, लखनऊ में आज 124वें अधिकारी आधारभूत प्रशिक्षण बैच-2026 के सत्रारम्भ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश श्री पी.सी. मीना, आईपीएस द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर डा० सम्पूर्णानन्द कारागार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक डा० रामधनी, पुलिस उपमहानिरीक्षक कारागार सुभाष चन्द्र शाक्य, उपमहानिरीक्षक कारागार मुख्यालय पी.एन. पाण्डेय, वित्त नियंत्रक आबिद अली, वरिष्‍ठ अधीक्षक रंगबहादुर पटेल तथा अधिशासी अधिकारी प्रशिक्षण संस्‍थान शरेन्दु त्रिपाठी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रशिक्षण संस्थान का संक्षिप्त परिचय देते हुए बताया गया कि वर्ष 1940 में स्थापित यह संस्थान एशिया का प्रथम कारागार प्रशिक्षण संस्थान है तथा अब तक 1,681 अधिकारियों एवं 13,266 जेल वार्डरों को प्रशिक्षण प्रदान कर चुका है। संस्थान में आधारभूत प्रशिक्षण के साथ-साथ विभिन्न विशेष एवं रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाते हैं।

01 जुलाई 2026 से प्रारम्भ हो रहे 08 मासीय आधारभूत प्रशिक्षण के 124वें अधिकारी प्रशिक्षण बैच में कुल 31 प्रशिक्षार्थी सम्मिलित हैं, जिनमें उत्‍तर प्रदेश के 01 अधीक्षक एवं 30 डिप्टी जेलर (22 पुरुष एवं 09 महिला अधिकारी) शामिल हैं।

अपने संबोधन में महानिदेशक पी.सी. मीना ने प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण अवधि का पूर्ण समर्पण एवं अनुशासन के साथ सदुपयोग करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कठोर परिश्रम, निरन्तर सीखने की प्रवृत्ति एवं सकारात्मक दृष्टिकोण ही एक सक्षम और संवेदनशील कारागार अधिकारी का निर्माण करते हैं।

उन्होंने कहा कि कारागार विभाग का उद्देश्य केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना नहीं है, बल्कि बन्दियों के सुधार, पुनर्वास एवं उन्हें समाज की मुख्यधारा से पुनः जोड़ने का भी है। इस दिशा में प्रशिक्षार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here