29 स्वर्ण पदक पर कब्जा, लखनऊ ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी

0
40

लखनऊ। मेजबान लखनऊ के खिलाड़ियों ने धारदार प्रदर्शन करते हुए यूपी स्टेट सब जूनियर, कैडेट, जूनियर कराटे चैंपियनशिप-2026 में सर्वाधिक 29 स्वर्ण के साथ कुल 61 पदक अपने नाम करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीत ली। चैंपियनशिप में वाराणसी उपविजेता रही।

यूपी स्टेट सब जूनियर, कैडेट, जूनियर कराटे चैंपियनशिप-2026

कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के तत्वावधान में कराटे एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के द्वारा चौक स्टेडियम के लालजी टंडन बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित चैंपियनशिप में रविवार रात तक खेले गए मुकाबलों के बाद लखनऊ ने 29 स्वर्ण, 10 रजत व 22 कांस्य पदक अपने नाम किए।

वहीं वाराणसी व गौतमबुद्ध नगर के समान 17-17 स्वर्ण रहे लेकिन रजत और कांस्य पदकों की संख्या अधिक होने के चलते वाराणसी दूसरे स्थान पर रही। वाराणसी ने 17 स्वर्ण, 14 रजत व 12 कांस्य सहित 43 पदक जीते जबकि गौतमबुद्ध नगर 17 स्वर्ण, 10 रजत व 10 कांस्य सहित 37 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।

वाराणसी उपविजेता, गौतमबुद्ध नगर को तीसरा स्थान

समापन समारोह में मुख्य अतिथि समाजसेवी प्रशांत भाटिया सहित विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी (कार्यकारी अध्यक्ष, कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी) व निर्मल सिंह (अध्यक्ष, केंद्रीय सिंह सभा आलमबाग) ने पुरस्कार प्रदान करते हुए पदक विजेताओं को सम्मानित किया।

समापन समारोह की अध्यक्षता कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के महासचिव जसपाल सिंह ने करते हुए अतिथिगण का आभार जताया।

ये भी पढ़ें : लखनऊ ने जीते 6 स्वर्ण, गौतमबुद्ध नगर 7 गोल्ड के साथ दे रहा कड़ी चुनौती

इस अवसर पर इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक डा.कीर्ति विक्रम सिंह, वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, समाजसेवी सुरेंद्र सिंह मोनू बक्शी और आयोजन समिति के चेयरमैन संतोष कुमार जायसवाल भी मौजूद रहे।

चैंपियनशिप के अंतिम परिणाम इस प्रकार हैं:-
  • सब जूनियर बालक कुमिते 11 वर्ष बालक कुमिते (11 वर्ष, 40 किग्रा से कम) में वाराणसी के अनंत गुप्ता ने स्वर्ण, अर्पित सिंह ने रजत एवं सूर्यांश यादव व दिव्यांश कुमार ने कांस्य पदक जीते।
  • सब जूनियर बालक कुमिते (10 वर्ष, 40 किग्रा से अधिक) में वाराणसी के आरुष देव वर्मा ने स्वर्ण, बलिया के आहिल रज़ा खान ने रजत एवं गौतमबुद्ध नगर के प्रवीण थापा व गोरखपुर के आरुष कनौजिया ने कांस्य पदक जीते।
  • सब जूनियर बालिका कुमिते (12 वर्ष, 55 किग्रा से कम) में वाराणसी की आराध्या त्रिपाठी ने स्वर्ण, रायबरेली की सांची प्रजापति ने रजत एवं लखनऊ की अपूर्वा सिंह व रिद्धिमा सिंह ने कांस्य पदक जीते।
  • सब जूनियर बालिका कुमिते (11 वर्ष, 35 किग्रा से कम) में लखनऊ की हनिका रोहिल्ला ने स्वर्ण, अनिका ने रजत जीते। सब जूनियर 11 वर्ष बालक कुमिते (11 वर्ष, 35 किग्रा से कम) में वाराणसी के शिवराज सिंह ने स्वर्ण जीता।
  • सब जूनियर बालक कुमिते (12 वर्ष, 40 किग्रा से कम) में लखनऊ के ऋषिकेश शर्मा ने स्वर्ण, वाराणसी के चंद्रभान मिश्रा ने रजत एवं गौतमबुद्ध नगर के सचिन व लखनऊ के तनिष पटेल ने कांस्य पदक जीते।
  • सब जूनियर 12 वर्ष बालक कुमिते (12 वर्ष, 60 किग्रा से अधिक) में वाराणसी के दिव्यांशु गुप्ता ने और सब जूनियर बालिका कुमिते (12 वर्ष, 40 किग्रा से कम) में गौतमबुद्ध नगर की अदिति ने स्वर्ण पदक जीते।
  • सब जूनियर बालिका 12 वर्ष व्यक्तिगत काता में लखनऊ की धृति महाजन ने स्वर्णिम सफलता हासिल की। वहीं सब जूनियर बालिका कुमिते (13 वर्ष, 40 किग्रा से कम) में लखनऊ की आकृति सैनी अव्वल रही।
  • सब जूनियर (10–13 वर्ष) बालिका टीम काता में लखनऊ ने स्वर्ण व रजत पदक अपने नाम किए। सब जूनियर बालिका 10 वर्ष व्यक्तिगत काता में लखनऊ की अद्विमा मिश्रा ने स्वर्ण जीता। सब जूनियर बालिका कुमिते (10 वर्ष, 35 किग्रा से कम) में वाराणसी की अवंतिका सिंह ने स्वर्ण व लखनऊ की निष्ठा रंजन ने रजत पदक जीते। इसके अलावा लखनऊ के लिए तियाशा, शक्ति सिंह, आव्या सिंह, सुनाइशा चौधरी व यारिमा श्रीवास्तव ने स्वर्ण पदक जीते।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here