लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में आज छठ महापर्व का पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। विधानसभा क्षेत्र के कुकरैल नदी बैराज स्थित छठ पूजा स्थल तथा इस्माइलगंज प्रथम वार्ड के हरिहर नगर स्थित लॉर्ड मैहर स्कूल के समीप छठ पूजा पार्क में आयोजित कार्यक्रमों में लखनऊ पूर्वी विधानसभा के विधायक ओपी श्रीवास्तव उपस्थित हुए।
विधायक ने दोनों स्थलों पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट की और छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाइयाँ प्रेषित कीं।
उन्होंने कहा कि “छठ महापर्व सूर्य उपासना, शुद्धता और सामूहिकता का प्रतीक है — यही भावना श्रद्धालुओं के उत्साह में स्पष्ट झलकती है।” उन्होंने छठ मैया से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और आरोग्य की कामना की।
कुकरैल बैराज और हरिहर नगर में छठ उत्सव में शामिल हुए विधायक ओपी श्रीवास्तव
इस वर्ष पहली बार संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कुकरैल बैराज छठ पूजा घाट पर दो दिवसीय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में पारंपरिक लोक नृत्य, लोकगायन एवं लोककलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
विधायक ओपी श्रीवास्तव ने इस अवसर पर नगर निगम, वन विभाग, पुलिस विभाग, सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आयोजन की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु किए गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की तथा अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रमों में भाजपा पदाधिकारीगण, मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बने विधायक ओपी श्रीवास्तव













