लखनऊ की सोनाली सिंह और महाराष्ट्र की रितिका थकर की भारतीय जोड़ी ने युगांडा के कंपाला में आयोजित कंपाला इंटरनेशनल 2026 में महिला युगल का खिताब जीता। लुगोगो इंडोर स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारतीय जोड़ी ने अपनी ही देशवासी इशिता नेगी और अक्षिता मनराल को सीधे गेमों में 21-16, 21-17 से हराकर खिताब पर कब्जा किया।
फाइनल में सोनाली और रितिका ने शुरूआत से ही आक्रामक खेल के साथ संयम का परिचय दिया। दोनों खिलाड़ियों ने रैलियों में धैर्य बनाए रखते हुए महत्वपूर्ण मौकों पर अंक जुटाए। भारतीय जोड़ी ने दोनों गेमों में बढ़त बनाए रखी और अपनी हमवतन जोड़ी को वापसी का मौका नहीं दिया।
लखनऊ की बीबीडी बैडमिंटन एकेडमी में अभ्यास करने वाली सोनाली ने इस अंतरराष्ट्रीय खिताब के साथ अपने खेल करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ी है। एकेडमी में नियमित अभ्यास के दौरान उन्होंने अपने खेल कौशल और तकनीक को निखारा है, जिसका फायदा उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मिला।
बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन की फ्यूचर सीरीज के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने एकल, युगल और मिश्रित युगल वर्गों में विश्व रैंकिंग अंक और पुरस्कार राशि के लिए प्रतिस्पर्धा की।
प्रतियोगिता का उद्देश्य पूर्वी अफ्रीका में बैडमिंटन को बढ़ावा देना भी है। कंपाला इंटरनेशनल का खिताब सोनाली सिंह और रितिका थकर की जोड़ी की अंतरराष्ट्रीय सर्किट पर बढ़ती साझेदारी को मजबूती देता है। वहीं, लखनऊ की सोनाली के लिए यह सफलता शहर और उत्तर प्रदेश के बैडमिंटन के लिए भी खास उपलब्धि है।













