लखनऊ। क्वालीफायर खिलाड़ी भारत के पार्थिव नल्लागुंडला व श्रेयंत महंतेशा ने आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट में वरीय खिलाड़ियों के खिलाफ उलटफेर भरी जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में स्थान सुरक्षित किया। उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन व केसरी स्पोर्ट्स द्वारा मिनी स्टेडियम विजयंतखंड गोमतीनगर के टेनिस कोर्ट पर आयोजित टूर्नामेंट में बुधवार को प्री क्वार्टर फाइनल में आठ रोमांचक उलटफेर देखने को मिले।
आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट
बालकों में जहां भारत के लेथेश एस. कोंबिला व चुक्का लक्ष्य वर्द्धन ने उलटफेर किया, तो बालिकाओं में नीशा एंजा, प्रार्थना खेडकर, रिद्धि शिंदे, शाज़फ़ा वानिया ने भी वरीय खिलाड़ियों के खिलाफ उलटफेर भरी जीत के साथ अंतिम आठ में जगह बनाई।

बालक वर्ग में क्वालीफायर भारत के पार्थिव नल्लागुंडला ने चौथी वरीय भारत के रवि तेजस को तीन सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में 4-6, 6-4, 6-2 से हराया। रवि ने पहला सेट जीता। फिर पार्थिव ने तेज सर्विस व दमदार स्मैश की बदौलत दबाव बनाते हुए अगले दोनों सेट अपने नाम कर लिए। क्वालीफायर भारत के श्रेयंत महंतेशा जब मैच में 6-3, 2-1 से आगे थे, तभी प्रतिद्वंद्वी पांचवीं वरीय भारत के अहान शेट्टी के मैच छोड़ने के चलते उन्होंने अंतिम आठ में जगह बनाई।
भारत के ही चुक्का लक्ष्य वर्द्धन ने दूसरी वरीय भारत के विवान बिदासारिया को बेहतर रणनीति की बदौलत संघर्षपूर्ण मैच में 6-2, 7-5 से शिकस्त देकर तीसरा उलटफेर किया। भारत के लेथेश एस. कोंबिला ने आठवीं वरीय भारत के प्रदन्येश शेलके को 4-6, 6-3, 4-0 से हराया। प्रदन्येश ने पहला सेट जीता, जबकि दूसरे सेट में लेथेश ने सटीक शॉट खेलते हुए जीत से बराबरी की। तीसरे सेट में प्रदन्येश ने मैच छोड़ दिया जिससे लेथेश क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए।

बालिका एकल के दूसरे दौर में आज पहला उलटफेर गैर वरीय भारत की नीशा एंजा ने किया जब उन्होंने पांचवीं वरीय भारत की हिया कुगासिया को एकतरफा 6-0, 6-1 से शिकस्त दी। गैर वरीय प्रार्थना खेडकर ने उम्दा सर्विस की बदौलत सातवीं वरीय भारत की तनिष्का भटनागर को 6-4, 6-3 से हराते हुए बड़ा उलटफेर किया।
भारत की ही रिद्धि शिंदे ने तब सबको हैरान कर दिया जब उन्होंने शीर्ष वरीय भारत की एंजल पटेल को तीन सेट तक चले रोमांचक मैच में 5-7, 7-5, 6-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। वहीं क्वालीफायर शाज़फ़ा वानिया ने आठवीं वरीय भारत की जान्हवी तम्मीनेडी को सीधे सेटों में 6-2, 6-2 से हराकर सुर्खियां बटोरी।
बालक एकल में शीर्ष वरीय भारत के ओम पटेल ने भारत के अद्वित तिवारी को 6-3, 6-4 से हराया। सातवीं वरीय भारत के शौनक चटर्जी ने भारत के अथर्व श्रीरामोजू के खिलाफ थोड़ी मशक्कत के बाद 6-3, 6-4 से जीत दर्ज की। दूसरी ओर भारत के ऋभव सरोहा ने भारत के महिजीत प्रधान को 6-3, 6-2 से और वरद उंद्रे ने भारत के ही आरव ढेकियाल को 6-3, 6-1 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।

वहीं बालिका एकल में तीसरी वरीय भारत की कार्तिका पद्मकुमार ने सौम्या चटर्जी को 6-2, 6-2 से, छठीं वरीय भारत की तेजस्वी मन्नेनी ने मानवी गुप्ता को 4-6, 6-3, 6-2 से और भारत की अक्षिता अंतिल ने भारत की समायरा कोहली को टाईब्रेक में 7-6(5), 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में स्थान सुरक्षित किया।











