चेन्नई ओपन 2026 पावर्ड बाय सीपीसीएल में विराज मदप्पा ने तीन शॉट की कमी दूर कर जीता खिताब

0
20

चेन्नई : विराजमदप्पा ने तीन शॉट की कमी को दूर करते हुए बोगी-मुक्त आठ-अंडर 64 का स्कोर बनाया और टीएनजी एफकॉस्मो गोल्फ कोर्स में एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाला चेन्नई ओपन 2026 पावर्ड बाय चेन्नई पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (सीपीसीएल) एक शॉट के अंतर से जीत लिया।

कोलकाता के 28 वर्षीय विराज (72-67-63-64) ने अंतिम राउंड की शुरुआत अजीतेशसंधू से तीन शॉट पीछे रहते हुए की थी। उन्होंने आठ बर्डी लगाकर 22-अंडर 266 के कुल स्कोर के साथ अपना चौथा पेशेवर खिताब हासिल किया।

वर्ष 2018 में एशियन टूर पर खिताब जीतने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बनेमदप्पा को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली। इस जीत से वह 2026 डीपीवर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में 44वें से 22वें स्थान पर पहुंच गए।

उनकी सत्र की कुल कमाई बढ़कर 23,90,042 रुपये हो गई और उन्होंने डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में भी अपनी जगह पक्की कर ली। चंडीगढ़ के अजीतेशसंधू (65-66-68-68), जो डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर पांच बार के विजेता हैं, ने अंतिम राउंड में पांचबर्डी और एकबोगी की मदद से चार-अंडर 68 का स्कोर बनाया।

हालांकि, यह अपनी बढ़त बरकरार रखने के लिए पर्याप्त नहीं था और वह 21-अंडर 267 के साथ उपविजेता रहे।
अजीतेश को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली। वह ऑर्डर ऑफ मेरिट में 21वें से 15वें स्थान पर पहुंच गए और उनकी सत्र की कुल कमाई बढ़कर 33,47,375 रुपये हो गई।

नोएडा के अमरदीपमलिक (67-68-69-67) ने सातबर्डी और दोबोगी की मदद से पांच-अंडर 67 का स्कोर बनाकर 17-अंडर 271 के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। मलिक सत्र की रैंकिंग में 19वें से 14वें स्थान पर पहुंच गए और उनकी कुल कमाई बढ़कर 33,75,548 रुपये हो गई।

दिल्ली के राशिद खान (66-68-72-66) ने अंतिम राउंड में सातबर्डी और एकबोगी की मदद से छह-अंडर 66 का स्कोर बनाया। वह 16-अंडर 272 के साथ चौथे स्थान पर रहे। राशिद ने सत्र की रैंकिंग में अपना छठा स्थान मजबूत किया और उनकी कुल कमाई 52,70,309 रुपये हो गई।

गुरुग्राम के वीर अहलावत (69-70-67-67), जो 2024 में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन रहे थे, 15-अंडर 273 के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

मदप्पा का यह अप्रैल 2025  में क्लासिक गोल्फ एंड कंट्रीक्लब में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई प्लेयर्स चैंपियनशिप जीतने के बाद पहला खिताब है। हाल में अच्छा खेल दिखाने के बावजूद मनचाहे स्कोर नहीं बनापाने के बाद भी उनका आत्मविश्वास कायम था।

मदप्पा ने कहा, “मैं पिछले कुछ समय से अच्छा खेल रहा था, लेकिन उस तरह स्कोर नहीं बना पा रहा था जैसा चाहता था। हालांकि, अनुभव से मुझे पता था कि अगर मैं खुद को लगातार अच्छी स्थिति में रखता रहा  तो आखिरकार अपने खेल का फायदा जरूर उठा पाऊंगा।”

इवन-पार 72 से शुरुआत करने के बाद मदप्पा ने अंतिम तीनराउंड में कुल 22-अंडर का स्कोर बनाया। उन्होंने इस शानदार वापसी का श्रेय मानसिकरूप से अधिक अनुशासित रहने को दिया। उन्होंने कहा, “पिछले तीन दिनों में सबसे बड़ा बदलाव मानसिक अनुशासन का रहा। इससे पहले मैं आसान होल पर बहुत से शॉट गंवा रहा था।

मैंने इसे पहचाना और इस सप्ताह उन स्कोरिंग अवसरों का बेहतर इस्तेमाल किया।” तीसरे राउंड में 63  का स्कोर बनाने के बाद मदप्पा ने अंतिम राउंड में भी त्रुटिरहित प्रदर्शन किया और आठबर्डी की मदद से संधू की बढ़त को धीरे-धीरे समाप्त कर दिया।

उन्होंने कहा, “पहले राउंड के बाद शायद मुझे इस स्थिति में पहुंचने की उम्मीद नहीं थी। आठ बर्डी और बिना किसी बोगी के खेलना इसे लगभग आदर्श अंतिम राउंड बनाता है। अंतिम तीन राउंड में 22-अंडर का स्कोर बनाकर खिताब जीतना बेहद संतोषजनक है।”

चैंपियन ने यह भी बताया कि पूरे सप्ताह डोसाउन के नियमित खानपान का हिस्सा रहा। मदप्पा ने कहा, “मैंने इस सप्ताह हर दिन डोसा खाया और आज तीन डोसे खाए। घर लौटकर शायद और डोसे खाकर जश्न मनाऊंगा क्योंकि वहां के डोसे लाजवाब होते हैं।”

रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार (67-68-73-68) 12-अंडर 276 के साथ संयुक्त आठवें स्थान पर रहे। तलवार ने 2,00,100 रुपये अर्जित कर रैंकिंग में अपनी बढ़त मजबूत की। उनकी सत्र की कुल कमाई बढ़कर 91,32,484 रुपये हो गई।

गत चैंपियन श्रीलंका के एन. थंगराजा (69-70-72-69) आठ-अंडर 280 के साथ संयुक्त 19वें स्थान पर रहे।
रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के जरिए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के नंबर एक खिलाड़ी का फैसला होगा। इसके साथ ही यह प्रतियोगिता डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट के उन शीर्ष 24 खिलाड़ियों का भी निर्धारण करेगी, जो सत्र के अंतिम टूर्नामेंट डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में अपनी जगह बनाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here