लखनऊ। देश के सीनियर बैडमिंटन खिलाड़ियों के बीच खिताब और रैंकिंग अंकों के लिए मुकाबला 21 सितंबर से शुरू होगा। मौका होगा योनेक्स सनराइज डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का, जहां देशभर के खिलाड़ी पांच स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे।
21 से 24 सितंबर तक क्वालीफायर मुकाबलों में 1500 खिलाड़ी पेश करेंगे चुनौती
भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन (बीएआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा 10 लाख रुपए की इनामी राशि वाले टूर्नामेंट का आयोजन 21 से 28 सितंबर तक लखनऊ में किया जाएगा।
टूर्नामेंट के मुख्य ड्रा के मुकाबले बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी, गोमतीनगर में 25 से 28 सितंबर तक होंगे। टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों की आमद शनिवार से शुरू हो गई है, जबकि 20 सितंबर को खिलाड़ी प्रैक्टिस कर अपनी तैयारियों की परख करेंगे।
मुख्य ड्रा के मुकाबले 25 सितंबर से, 28 सितंबर को खेला जाएगा फाइनल
खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी, गोमतीनगर, विनयखंड स्टेडियम गोमतीनगर और मटियारी स्थित रजत पीजी कॉलेज में सुविधा दी जाएगी।
टूर्नामेंट में क्वालीफाइंग राउंड के मैच 21 से 24 सितंबर तक इन्हीं कोर्ट पर खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल की स्पर्धाओं में मुकाबले होंगे। एकल वर्ग में मुख्य ड्रा 64 खिलाड़ियों का, जबकि युगल वर्गों में 32 जोड़ियों का होगा।
10 लाख रुपए की प्राइजमनी वाले टूर्नामेंट में देशभर के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
क्वालीफाइंग राउंड में करीब 1500 खिलाड़ी मुख्य ड्रा में जगह बनाने के लिए चुनौती पेश करेंगे। अब तक मिली प्रविष्टियों के अनुसार पुरुष एकल में सबसे अधिक 698 खिलाड़ियों ने प्रवेश किया है।
महिला एकल में 218, पुरुष युगल में 194, महिला युगल में 78 और मिश्रित युगल में 148 खिलाड़ियों की एंट्री है। प्रविष्टियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद खिलाड़ियों की संख्या में बदलाव संभव है। बड़ी संख्या में प्रविष्टियों के कारण मुख्य ड्रा में जगह बनाने के लिए कड़े मुकाबले होंगे।
टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में महिला एकल का खिताब उत्तर प्रदेश की मानसी सिंह ने जीता था, जबकि आंध्र प्रदेश की सूर्या चरिश्मा उपविजेता रही थीं। पुरुष एकल में हरियाणा के भारत राघव विजेता और मणिपुर के मैसनाम मेइराबा उपविजेता रहे थे। मिश्रित युगल में केरल के बिजोन जयसन और कर्नाटक की दिया भीमैय्या की जोड़ी ने खिताब जीता था। तमिलनाडु के दिलीपन वी. और प्रणवी एन. उपविजेता रहे थे।
पुरुष युगल में महाराष्ट्र के विप्लव कुवले और विराज कुवले की जोड़ी विजेता रही थी, जबकि तेलंगाना के सिद्धार्थ इलांगो और तमिलनाडु के संतोष गजेंद्रन की जोड़ी उपविजेता रही थी। महिला युगल में कर्नाटक की शिखा गौतम और अश्विनी भट्ट ने खिताब जीता था। उत्तराखंड की अदिति भट्ट और महाराष्ट्र की श्रवाणी वालेकर की जोड़ी उपविजेता रही थी।










