नवाबों के शहर में हाई वोल्टेज टी-20 मुकाबला, भारत की नजर अजेय बढ़त पर

0
133

क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर नवाबों के शहर में सिर चढ़कर बोलेगा। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज़ का चौथा मुकाबला बुधवार को लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा,

जहां टीम इंडिया अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेगी। मुकाबले को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह है और स्टेडियम में खचाखच भीड़ उमड़ने के आसार हैं।

टी-20 सीरीज़ में 2-1 की बढ़त बना चुकी भारतीय टीम सोमवार शाम लखनऊ पहुंची। एयरपोर्ट से लेकर होटल तक क्रिकेट प्रेमियों का जोश देखते ही बनता था।

17 दिसंबर को इकाना तैयार, फैंस तैयार, भारत–दक्षिण अफ्रीका चौथे टी-20 में टक्कर

वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम भी दोपहर में लखनऊ पहुंचकर सीधे होटल रवाना हो गई। निर्णायक माने जा रहे इस मुकाबले में इकाना स्टेडियम एक बार फिर टीम इंडिया के लिए लकी साबित होने की उम्मीद है।

मुकाबले से पहले मंगलवार को दोनों टीमें इकाना स्टेडियम में अभ्यास करेंगी। दक्षिण अफ्रीका की टीम दोपहर एक बजे अभ्यास सत्र में हिस्सा लेगी, जबकि भारतीय टीम शाम को फ्लडलाइट में अंतिम तैयारियों को अंजाम देगी।

मैच को लेकर दर्शकों का उत्साह इस कदर है कि सोमवार शाम से ही स्टेडियम के बाहर टिकट काउंटर पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।

इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में टीम इंडिया का रिकॉर्ड शानदार रहा है। भारत ने यहां अपना पहला टी-20 मुकाबला वर्ष 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था, जिसमें 71 रनों से जीत दर्ज की थी।

वर्ष 2022 में श्रीलंका को 62 रनों से हराया, जबकि 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 विकेट से जीत हासिल की थी। यानी इस मैदान पर खेले गए तीनों टी-20 मुकाबलों में भारत अजेय रहा है।

अब तक इकाना स्टेडियम में कुल छह टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले जा चुके हैं। इनमें तीन मुकाबले भारतीय टीम ने खेले और तीन अफगानिस्तान की टीम ने। गौरतलब है कि इकाना स्टेडियम अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का होम ग्राउंड रहा है, जहां उसने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टी-20 मैच खेले थे।

इस अहम मुकाबले के लिए भारतीय खिलाड़ियों का चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। शाम करीब सवा छह बजे धुंधलके और चमचमाती रोशनी के बीच जैसे ही खिलाड़ी बाहर निकले, मोबाइल कैमरों और मीडिया फ्लैश के बीच क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर जयकारे लगाए।

टीम बस की आगे वाली सीट पर बैठे ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को देखते ही तालियों और नारों से माहौल गूंज उठा। हार्दिक ने हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया।

उनके पीछे एशिया कप टी-20 के हीरो तिलक वर्मा नजर आए तो ‘इंडिया-इंडिया’ के नारों से एयरपोर्ट गूंज उठा। कप्तान सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव सहित सभी खिलाड़ी एयरपोर्ट से सीधे गोमती नगर स्थित होटल पहुंचे, जहां पारंपरिक भारतीय अंदाज में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

अक्षर पटेल लखनऊ में टीम के साथ, लेकिन किया जाएगा मेडिकल चेकअप 

दूसरी ओर ऑलराउंडर अक्षर पटेल बीमारी के चलते दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज़ के बचे हुए दोनों मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। हालांकि अक्षर लखनऊ में टीम के साथ मौजूद हैं, जहां उनका आगे का मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। चयन समिति ने उनकी जगह शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया है।

ये भी पढ़ें : तनु श्री तोमर का गोल्ड पर निशाना, यूपी ने जीते दो रजत सहित पांच पदक

भारतीय टीम : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद।

दक्षिण अफ्रीका : एडेन मार्कराम (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, टोनी डी जोरजी, रीजा हेंड्रिक्स, डेविड मिलर, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, मार्को जानसन, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), डोनोवन फरेरा (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, ओटनील बार्टमैन, केशव महाराज, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here