कार्लसन, आनंद, निहाल और दिव्या, ग्लोबल चेस लीग में सितारों का जमावड़ा

0
45

मुंबई : टेक महिंद्रा और विश्व शतरंज महासंघ (FIDE) की संयुक्त पहल ग्लोबल चेस लीग (GCL) ने सोमवार को मुंबई में आयोजित प्लेयर ड्राफ्ट के साथ अपने चौथे सीजन की उल्टी गिनती शुरू कर दी। लीग का चौथा सीजन 3 से 13 सितंबर तक बेंगलुरु में आयोजित होगा।

ड्राफ्ट का सबसे बड़ा आकर्षण हाल ही में बुलेट शतरंज चैंपियन बने और जीसीएल सीजन 2 के मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) रहे निहाल सरीन रहे, जिनके लिए कई टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। अंततः वह फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स से जुड़े।

निहाल सरीन पर लगी सबसे बड़ी बोली, दिव्या देशमुख मैग्नस कार्लसन की टीम में शामिल

वहीं, गत विजेता अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने मैग्नस कार्लसन और महिला शतरंज विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख के इर्द-गिर्द अपनी टीम को और मजबूत किया। दूसरी ओर, विश्वनाथन आनंद लीग के इतिहास में पहली बार टीम बदलते हुए पीबीजी अलास्कन नाइट्स में शामिल हुए, जहां उनका साथ भारतीय स्टार अर्जुन एरिगैसी देंगे।

जीसीएल का चौथा सीजन भारत के प्रति लीग की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है। शतरंज की जन्मस्थली भारत आज विश्व शतरंज की सबसे तेजी से उभरती ताकतों में शामिल है।

दुबई, लंदन और मुंबई में तीन सफल सीजन आयोजित करने के बाद अब लीग बेंगलुरु पहुंच रही है, जो भारत की नवाचार और प्रौद्योगिकी की राजधानी मानी जाती है। ऐसे समय में जब भारत लगातार विश्व चैंपियन और शीर्ष स्तर के खिलाड़ी तैयार कर रहा है, यह देश वैश्विक शतरंज महाशक्ति के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

ड्राफ्ट के दौरान ग्लोबल चेस लीग के आयुक्त गौरव रक्षित ने कहा, “जिस पहल की शुरुआत हमने शतरंज को आधुनिक वैश्विक खेल और मनोरंजन संपत्ति के रूप में स्थापित करने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य के साथ की थी, वह पिछले तीन सीजन में अंतरराष्ट्रीय शतरंज कैलेंडर के प्रमुख आयोजनों में शामिल हो चुकी है।

जीसीएल सीजन 4 के ड्राफ्ट में आनंद ने अर्जुन एरिगैसी के साथ मिलाया हाथ

जीसीएल ने साबित किया है कि इस खेल का भविष्य उसकी मूल भावना को बदलने में नहीं, बल्कि उसे देखने और अनुभव करने के तरीके का विस्तार करने में है। सीजन 4 में हमारा लक्ष्य खेल की वैश्विक पहुंच और प्रासंगिकता को और आगे बढ़ाना है।”

त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स, अल्पाइन एपीएल पाइपर्स और अपग्रेड मुंबई मास्टर्स ने अपने-अपने आइकन खिलाड़ियों को बरकरार रखा।

इसके बाद शुरू हुए ड्राफ्ट में फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स ने 2026 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के विजेता जावोखिर सिंदारोव को अपने साथ जोड़ने की दौड़ जीत ली। वहीं पीबीजी अलास्कन नाइट्स ने विश्वनाथन आनंद को और गंगा ग्रैंडमास्टर्स ने इयान नेपोमनियाची को अपने आइकन खिलाड़ी के रूप में चुना।

3 से 13 सितंबर तक बेंगलुरु में होगा ग्लोबल चेस लीग का चौथा सीजन

इसके बाद फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स ने ड्राफ्ट की सबसे चर्चित पसंदों में से एक निहाल सरीन को भी अपने साथ जोड़ लिया। भारत के पहले बुलेट शतरंज विश्व चैंपियन बने निहाल को हासिल करने के लिए कई टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ।

अब वह जावोखिर सिंदारोव, दानिल दुबोव, सारा खादेम, बिबीसारा अस्साउबायेवा और मार्क’आंद्रिया मॉरिज़ी जैसे युवा खिलाड़ियों के साथ खेलेंगे।

फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स के सह-मालिक प्रचुरा पीपी ने कहा, “हम अपनी टीम के संयोजन से बेहद खुश हैं। यह एक युवा और रोमांचक टीम है। इस टीम के साथ सीजन 4 हमारे लिए खास रहने वाला है। बेंगलुरु हमारा शहर है और हमें अपने घरेलू प्रशंसकों का भरपूर समर्थन मिलेगा। हम बाकी टीमों को दिखाएंगे कि असली ‘होम टीम’ कौन है।”

गत चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने सबसे बड़ा दांव खेलते हुए छह बार के विश्व रैपिड चैंपियन मैग्नस कार्लसन और जीसीएल सीजन 3 फाइनल्स के एमवीपी अनीश गिरी को बरकरार रखा।

इसके बाद टीम ने महिला शतरंज विश्व कप 2025 की विजेता दिव्या देशमुख, भारतीय दिग्गज कोनेरू हम्पी, विदित गुजराती और मौजूदा विश्व रैपिड चैंपियन वोलोदार मुर्ज़िन को शामिल कर प्रतियोगिता की सबसे मजबूत टीमों में अपनी जगह बनाई।

दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी और छह टीमें खिताब के लिए करेंगी मुकाबला

टीम के कोच प्रवीण थिप्से ने कहा, “इस बार चुनौती और कठिन होगी। हम अपना खिताब बचाने की पूरी कोशिश करेंगे, लेकिन सभी टीमें चैंपियन को हराने के लिए अतिरिक्त प्रेरणा के साथ उतरेंगी, खासकर तब जब मैग्नस कार्लसन हमारी टीम का हिस्सा हैं।”

पिछले सीजन की उपविजेता त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स ने निरंतरता पर भरोसा जताते हुए सीजन 3 के एमवीपी अलीरेज़ा फिरूज़जा, वेई यी और झू जिनर को बरकरार रखा। दो बार की चैंपियन इस टीम ने अलेक्सांद्रा कोस्टेनियुक की वापसी कराई और भारतीय खिलाड़ियों अरविंद चितांबरम तथा प्रणव वेंकटेश को भी अपने साथ जोड़ा।

टीम के सीईओ आकाश प्रेमसेन ने कहा, “हमारे लिए टीम की सामंजस्य सबसे महत्वपूर्ण है। हमने एक बेहद मजबूत टीम बनाई है और सीजन 4 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य सिर्फ अच्छा शतरंज खेलना नहीं, बल्कि बोर्ड पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। इसमें कोई संदेह नहीं कि इस बार सबकी नजरें हमारी टीम पर होंगी।”

पीबीजी अलास्कन नाइट्स ने अनुभव और युवा प्रतिभा का शानदार मिश्रण तैयार किया। टीम ने पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद को अपने साथ जोड़ा, जो पहले से मौजूद भारतीय स्टार अर्जुन एरिगैसी के साथ खेलेंगे। इसके अलावा टीम ने तुर्की के युवा खिलाड़ी यागिज़ कान एरदोगमुस और नीनो बात्सियाशविली को भी शामिल किया।

ये भी पढ़ें : चैंपियनों का तख्तापलट: पाइपर्स ने किंग्स से छीना ग्लोबल चेस लीग का ताज

टीम के मालिक पुनीत बालन ने कहा, “विश्वनाथन आनंद और अर्जुन एरिगैसी का हमारी टीम में होना भारतीय शतरंज के दो अलग-अलग युगों का प्रतिनिधित्व करता है—एक जिसने नींव रखी और दूसरा जो भविष्य का नेतृत्व कर रहा है। यही संतुलन हमारी टीम को बेहद रोमांचक बनाता है।”

गंगा ग्रैंडमास्टर्स ने आइकन राउंड में इयान नेपोमनियाची को चुनने के बाद ड्राफ्ट की सबसे अहम चालों में से एक चलते हुए लेवोन अरोनियन को भी दो सीजन बाद फिर से टीम में शामिल कर लिया।

टीम में पहले से मौजूद पोलीना शुवालोवा और स्टावरूला त्सोलाकिदू के साथ-साथ लेनियर डोमिंगुएज़ और भारतीय प्रतिभा लियोन ल्यूक मेंडोंका को भी शामिल किया गया।

गंगा ग्रैंडमास्टर्स के श्रीकर चन्नाप्रगड़ा ने कहा, “आइकन राउंड में हमारी पहली पसंद नेपो थीं। हम लेवोन अरोनियन, लेनियर डोमिंगुएज़ और हाल में विश्व रैपिड एवं ब्लिट्ज टीम चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले लियोन ल्यूक मेंडोंका को भी चाहते थे। अब हमारे पास बेहद संतुलित टीम है।”

अपग्रेड मुंबई मास्टर्स ने भी निरंतरता बनाए रखते हुए मैक्सिम वाशिए-लाग्राव, शखरियार मामेद्यारोव और हरिका द्रोणावल्ली को बरकरार रखा। इसके बाद टीम ने कैरिसा यिप और पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले बारदिया दानेशवर को भी अपने साथ जोड़ लिया।

टीम के सीईओ सुहैल चंदोक ने कहा, “हम ड्राफ्ट में पहले से स्पष्ट रणनीति के साथ उतरे थे। कैरिसा यिप को टीम में शामिल करना हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है। वह युवा हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। बारदिया दानेशवर ने पिछले सीजन में सभी को प्रभावित किया था, इसलिए उनकी वापसी हमारे लिए खुशी की बात है।”

11 दिनों तक चलने वाली इस छह टीमों की फ्रेंचाइजी लीग में पहले डबल राउंड-रॉबिन लीग चरण खेला जाएगा, जिसमें प्रत्येक टीम अन्य सभी टीमों से दो-दो बार भिड़ेगी। अंक तालिका में शीर्ष दो टीमें ग्रैंड फिनाले में पहुंचेंगी। प्रत्येक फ्रेंचाइजी में छह खिलाड़ी होंगे—एक आइकन, दो सुपरस्टार पुरुष, दो सुपरस्टार महिला और एक प्रोडिजी।

यह दुनिया का अनूठा प्रारूप है, जिसमें पुरुष, महिला और युवा खिलाड़ी समान महत्व के साथ एक ही टीम में प्रतिस्पर्धा करते हैं। तेज़ रफ्तार रैपिड शतरंज और टीम रणनीति पर आधारित यह प्रारूप हर मुकाबले को रोमांचक बनाता है, जहां अंतिम बोर्ड तक परिणाम बदल सकता है।

ग्लोबल चेस लीग सीजन 4 की टीमें
  • फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स: जावोखिर सिंदारोव, निहाल सरीन, दानिल दुबोव, बिबीसारा अस्साउबायेवा, सारा खादेम, मार्क’आंद्रिया मॉरिज़ी
  • अल्पाइन एपीएल पाइपर्स: मैग्नस कार्लसन, अनीश गिरी, विदित संतोष गुजराती, दिव्या देशमुख, कोनेरू हम्पी, वोलोदार मुर्ज़िन
  • गंगा ग्रैंडमास्टर्स: इयान नेपोमनियाची, लेवोन अरोनियन, लेनियर डोमिंगुएज़, पोलीना शुवालोवा, स्टावरूला त्सोलाकिदू, लियोन ल्यूक मेंडोंका
  • अपग्रेड मुंबई मास्टर्स: मैक्सिम वाशिए-लाग्राव, शखरियार मामेद्यारोव, व्लादिमीर फेदोसेएव, कैरिसा यिप, हरिका द्रोणावल्ली, बारदिया दानेशवर
  • पीबीजी अलास्कन नाइट्स: विश्वनाथन आनंद, अर्जुन एरिगैसी, यागिज़ कान एरदोगमुस, कैटेरीना लाग्नो, नीनो बात्सियाशविली, अभिमन्यु मिश्रा
  • त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स: अलीरेज़ा फिरूज़जा, वेई यी, अरविंद चितांबरम, झू जिनर, अलेक्सांद्रा कोस्टेनियुक, प्रणव वेंकटेश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here