लखनऊ : 14 अगस्त से यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन का शुभारंभ लखनऊ के श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला काशी रुद्राक्ष और मौजूदा चैंपियन मेरठ मेवरिक्स के बीच खेला जाएगा, जबकि प्लेऑफ्स और फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर में संपन्न होगा।
इस बार लीग में कुल 34 मैच खेले जाएंगे, जिनमें 13 डबल-हेडर और 8 सिंगल-हेडर मुकाबले शामिल हैं। पहली बार यूपी टी20 लीग का आयोजन दो शहरों लखनऊ और कानपुर में किया जाएगा। टूर्नामेंट का पहला चरण लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां 13 दिनों में कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद प्रतियोगिता का दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में स्थानांतरित होगा, जहां शेष 12 मैच आयोजित किए जाएंगे।

यूपी टी20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि,”यूपी टी20 लीग हर सीजन के साथ नई ऊंचाइयों को छू रही है। इस वर्ष पहली बार टूर्नामेंट का आयोजन दो अलग-अलग शहरों में किया जा रहा है, जो लीग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पहला चरण लखनऊ में होगा, जबकि दूसरा चरण, प्लेऑफ और फाइनल कानपुर में आयोजित किए जाएंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि, “पिछले कुछ वर्षों में टूर्नामेंट का स्तर काफी बेहतर हुआ है। हमें विश्वास है कि इस सीजन में भी युवा खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच मिलेगा। हम सभी टीमों को शुभकामनाएं देते हैं और उम्मीद करते हैं कि प्रशंसकों को एक और रोमांचक सीजन देखने को मिलेगा।”
नॉकआउट चरण के सभी मुकाबले भी कानपुर में होंगे। क्वालिफायर 1 और एलिमिनेटर 3 सितंबर को खेले जाएंगे, जबकि क्वालिफायर 2 4 सितंबर को होगा।
इसके बाद 6 सितंबर को यूपी टी20 लीग सीजन 4 का फाइनल खेला जाएगा। 15 अगस्त को नोएडा किंग्स का सामना कानपुर सुपरस्टार्स से होगा, जबकि दूसरे मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स और गौर गोरखपुर लायंस आमने-सामने होंगे। 16 अगस्त को काशी रुद्राक्ष की भिड़ंत कानपुर सुपरस्टार्स से होगी, जबकि शाम के मुकाबले में मेरठ मेवरिक्स का सामना गौर गोरखपुर लायंस से होगा।
17 अगस्त को नोएडा किंग्स और लखनऊ फाल्कन्स आमने-सामने होंगे, जबकि 18 अगस्त को काशी रुद्राक्ष का मुकाबला गौर गोरखपुर लायंस से होगा। 19 अगस्त को लखनऊ फाल्कन्स और मेरठ मावेरिक्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
20 अगस्त को डबल-हेडर में पहले मैच में गौर गोरखपुर लायंस का सामना नोएडा किंग्स से होगा, जबकि दूसरे मैच में कानपुर सुपरस्टार्स और काशी रुद्रास आमने-सामने होंगे। 21 अगस्त को मेरठ मेवेरिक्स की भिड़ंत नोएडा किंग्स से होगी, जबकि दिन के दूसरे मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स और कानपुर सुपरस्टार्स आमने-सामने होंगे।
इसके बाद एक और डबल-हेडर में काशी रुद्राक्ष का सामना गौर गोरखपुर लायंस से होगा, जबकि मेरठ मेवेरिक्स और कानपुर सुपरस्टार्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा।कानपुर चरण की शुरुआत 28 अगस्त को काशी रुद्राक्ष और नोएडा किंग्स के मुकाबले से होगी।
दो प्रतिष्ठित क्रिकेट स्टेडियमों में आयोजित होने वाले इस सीजन में उत्तर प्रदेश के कई शीर्ष घरेलू क्रिकेटरों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। ऐसे में यूपी टी20 लीग 2026 क्रिकेट प्रेमियों के लिए पहले से कहीं अधिक रोमांचक होने वाली है।











