25 करोड़ की आबादी वाले यूपी में प्रतिभाओं की भरमार, यूपी टी-20 लीग दे रही नया मंच : सीएम योगी

0
41

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम देशभक्ति, क्रिकेट और संगीत के रंग में सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का भव्य शुभारंभ हुआ।

इस दौरान शंकर महादेवन, उनके बेटों सिद्धार्थ और शिवम महादेवन तथा पंजाबी गायिका जैस्मीन सैंडलास की प्रस्तुतियों के साथ ड्रोन शो ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया।

यूपी टी20 लीग का रंगारंग आगाज: ‘शिव तांडव’ से भक्तिमय हुआ इकाना, शंकर महादेवन-जैस्मिन सैंडलास ने बांधा समां

इसके साथ ही छह फ्रेंचाइजी टीमों के बीच 34 मुकाबलों वाले चौथे सत्र का आगाज़ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ की। इस दौरान उन्होंने सभी छह टीमों के खिलाड़ियों, कोचों और सहयोगी स्टाफ का अभिनंदन किया।

प्रतिभागी टीमों के कप्तान मंच पर पहुंचे, जिसके बाद लीग की चमचमाती ट्रॉफी का अनावरण किया गया। सभी अतिथियों को लीग का स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया और समारोह के दौरान सामूहिक राष्ट्रगान हुआ।

मुख्यमंत्री योगी बोले- यूपी टी-20 युवाओं को दे रहा नया अवसर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश अपनी आजादी की 80वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है और इसकी पूर्व संध्या पर यूपी टी-20 लीग का शुभारंभ इससे बेहतर अवसर नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ के विजन के अनुरूप स्वस्थ और फिट युवा ही देश के भविष्य को मजबूत बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि करीब 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में युवाओं को खेल के अधिक अवसर मिलने चाहिए। एक टीम प्रदेश की प्रतिभाओं को पर्याप्त अवसर नहीं दे सकती, और खुशी की बात है कि यूपी से जुड़ी छह टीमें इस लीग में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि लीग युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के साथ अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने और मार्गदर्शन हासिल करने का अवसर भी दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स के बीच होने वाला पहला मुकाबला पूरे प्रदेश को जोड़ने का काम करेगा। उन्होंने क्रिकेट प्रेमियों से स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की और आजादी की पूर्व संध्या पर लीग के शुभारंभ के लिए सभी को बधाई दी।

राजीव शुक्ला बोले- यूपी के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि यूपी टी-20 लीग के जरिए एक साथ करीब 200 से 250 खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को मंच देना है और इसका लाभ युवा प्रतिभाओं को मिल रहा है।

उन्होंने स्पीड हंट का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल के जरिए सामने आए युवा तेज गेंदबाजों को भी लीग में जगह मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यूपी टी-20 से निकले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे चलकर आईपीएल में भी अवसर मिलेगा।

डॉ. संजय कपूर ने कहा- मिलकर मनाएंगे यूपी का क्रिकेट उत्सव

इससे पहले यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग पूरे प्रदेश का उत्सव है और इसे सभी मिलकर मनाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए उनके प्रति आभार जताया।

समारोह में यूपी टी-20 लीग के ब्रांड एंबेसडर, 2011 विश्व कप विजेता और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना तथा भारतीय क्रिकेट के युवा स्टार अभिषेक शर्मा भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, एमएलसी महेंद्र कुमार सिंह, अवनीश अवस्थी (सलाहकार मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश), यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, इकाना स्पोर्ट्स सिटी के सीएमडी उदय सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

जैस्मीन सैंडलास ने ‘धुरंधर’ के गीतों से झुमाया

रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत पंजाबी गायिका जैस्मीन सैंडलास की प्रस्तुति से हुई। उन्होंने ‘धुरंधर’ के थीम गीत के साथ ‘मैं वारी जावां’, ‘तैनू शरारत सिखावां’ और ‘जाइये सजना’ जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद भव्य ड्रोन शो में यूपी टी-20 लीग का लोगो, क्रिकेट गेंद, ट्रॉफी, छहों टीमों के नाम और भारतीय तिरंगे सहित सीएम योगी की तस्वीर आसमान में नजर आईं।

शंकर महादेवन ने बांधा संगीत का ऐसा समां

प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार शंकर महादेवन ने अपने बेटों सिद्धार्थ महादेवन और शिवम महादेवन के साथ मंच संभाला। उन्होंने शिव तांडव स्तोत्र की प्रस्तुति से पूरे स्टेडियम को भक्ति भाव से भर दिया। इसके बाद ‘रोके तुझको आंधियां’ ने माहौल में जोश भर दिया।

ये भी पढ़ें : यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का आगाज 14 अगस्त से, 150 देशों में होगा प्रसारण

ये भी पढ़े : यूपी टी-20 लीग का ‘स्पीड हंट’: बिना ट्रायल फीस तलाशे गए पेसर्स

ये भी पढ़ें : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे यूपी टी-20 लीग का उद्घाटन

ये भी पढ़े : दो बार की चैंपियन काशी रुद्रास के सामने मेरठ की चुनौती

ये भी पढ़ें : काशी रुद्रास और मेरठ मेवरिक्स के मैच से होगा यूपी टी20 लीग का आगाज

प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार शंकर महादेवन ने अपने बेटों सिद्धार्थ और शिवम महादेवन के साथ मंच संभाला। शिव तांडव स्तोत्र की प्रस्तुति ने स्टेडियम को भक्तिमय कर दिया, जबकि ‘रोके तुझको आंधियां’ ने माहौल में जोश भर दिया। इसके बाद तीनों ने भाग मिल्खा भाग के लोकप्रिय गीत ‘जिंदा’ की संयुक्त प्रस्तुति दी।

‘ओम देवा, ओम देवा’ के बाद ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’ की प्रस्तुति ने समारोह को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इस दौरान बच्चों और दर्शकों ने तिरंगे लहराए। इससे उत्साहित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी तिरंगा लेकर मंच पर पहुंचे और उसे लहराकर कलाकारों और दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

क्रिकेट, संगीत, देशभक्ति और मनोरंजन के इस संगम के बीच इकाना स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का उत्साह देखते ही बना। रंगारंग उद्घाटन समारोह के बाद पिछले संस्करण की विजेता काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स के बीच सीजन का पहला मुकाबला खेला गया, जिसके साथ यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र की प्रतिस्पर्धी शुरुआत हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here