रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मैच में मंगलवार को दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के सलामी बल्लेबाजों ने बड़ौदा को बैकफुट पर धकेल दिया है।
बड़ौदा के पहली पारी में 355 रन के जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक उत्तर प्रदेश की टीम ने बिना विकेट गिरे 196 रन बना लिए थे। रणजी में पदार्पण करने वाले आदर्श सिंह (96) व माधव कौशिक (90) रन बनाकर खेल रहे थे।
हालांकि पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम उप्र अब भी 159 रन पीछे है। ग्रीन पार्क में स्टेडियम में बड़ौदा ने दूसरे दिन छह विकेट पर 269 रन से आगे अपनी पारी को बढ़ाया और कप्तान अतीत (35), रसिख (18) और मनन (50) के दम पर स्कोर को 350 के पार पहुंचाया।
उत्तर प्रदेश के कार्तिक यादव ने पांच और करन शर्मा ने तीन विकेटलिए। कार्तिक यादव के इस सीजन कुल 32 विकेट हो गए हैं। ऑर्थोडाक्स गेंदबाज कार्तिक की फिरकी ग्रीन पार्क की पिच पर गोवा के बाद बड़ौदा के बल्लेबाजों के लिए भी पहेली बनी। जवाब में उत्तर प्रदेश के आदर्श सिंह व माधव कौशिक ने दिन के बचे हुए 55 ओवर में 196 रन बनाए।
ये भी पढ़ें : यूपी ने पुडुचेरी को फॉलोऑन के लिए किया मजबूर, खराब रोशनी ने रोकी जीत की राह











