कोलकाता। कोल इंडिया लिमिटेड और भारत में पुरुष पेशेवर गोल्फ की आधिकारिक नियामक संस्था डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) के संयुक्त आयोजन में कोल इंडिया ओपन का दूसरा संस्करण 11 से 14 अगस्त तक कोलकाता के प्रतिष्ठित टॉलीगंज क्लब में खेला जाएगा।
प्रतियोगिता में कुल एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दांव पर होगी। प्रतियोगिता में कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें 131 पेशेवर और एक एमेच्योर खिलाड़ी शामिल है।
मौजूदा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट के शीर्ष खिलाड़ी सप्तक तलवार के अलावा वीर अहलावत, ओम प्रकाश चौहान, मनु गंडास, खालिन जोशी, शौर्य भट्टाचार्य और गत चैंपियन अंगद चीमा जैसे प्रमुख भारतीय गोल्फर भी मैदान में उतरेंगे।
विदेशी खिलाड़ियों में श्रीलंका के एन. थंगराजा और मिथुन परेरा, थाईलैंड के तनापत पिचाइकूल, बांग्लादेश के जमाल हुसैन और बादल हुसैन, नेपाल के शुक्र बहादुर राई और सुभाष तमांग,
चेक गणराज्य के स्टेपन डानेक, अमेरिका के डोमिनिक पिकिरिलो और कोइचिरो सातो, जापान के कोइचिरो इशिका और ताइगा तनाका तथा युगांडा के जोशुआ सील प्रमुख हैं।
मेजबान कोलकाता के कई गोल्फर भी प्रतियोगिता में चुनौती पेश करेंगे। इनमें पूर्व डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन शंकर दास, राहिल गंगजी, विराज मदप्पा, मोहम्मद संजू, दिव्यांशु बजाज, 2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन सुनीत चौरसिया, फिरोज अली मोल्ला, इंद्रजीत भालोटिया और करण वर्मा शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: खलिन जोशी नौ शॉट से जेएंडके ओपन में चैंपियन, जीता सत्र का दूसरा खिताब
कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईराम ने कहा कि कोल इंडिया ओपन के दूसरे संस्करण से जुड़कर कंपनी को बेहद खुशी है। उन्होंने कहा कि पहले संस्करण की सफलता ने प्रतियोगिता के लिए मजबूत आधार तैयार किया था और इस बार प्रतिष्ठित टॉलीगंज क्लब में इसका आयोजन होना उत्साहजनक है।
उन्होंने कहा कि कोल इंडिया का मानना है कि खेल लोगों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने, प्रतिभाओं को निखारने और समुदायों को एक साथ लाने की क्षमता रखता है।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के साथ साझेदारी के जरिए कंपनी भारत में पेशेवर गोल्फ के विकास में योगदान देने और देश की प्रतिभाओं को अपना कौशल दिखाने का मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप जोहल ने कहा कि कोल इंडिया ओपन का दूसरा संस्करण भारतीय पेशेवर गोल्फ के प्रति कोल इंडिया की मजबूत प्रतिबद्धता और इस खेल के निरंतर विकास में उसके विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित टॉलीगंज क्लब में पेशेवर गोल्फरों को महत्वपूर्ण प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने के लिए कोल इंडिया का सहयोग अहम है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष का संस्करण पहले संस्करण की सफलता को आगे बढ़ाएगा और खेलप्रेमी शहर कोलकाता में भारतीय पेशेवर गोल्फ की उत्कृष्टता को सामने लाएगा।
कोल इंडिया ओपन का पहला संस्करण पिछले वर्ष अहमदाबाद में आयोजित किया गया था। दूसरे संस्करण के साथ यह प्रतियोगिता अब कोलकाता पहुंच गई है, जहां देश-विदेश के 132 गोल्फर चार दिनों तक खिताब और एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि के लिए चुनौती पेश करेंगे।












