महानिदेशक कारागार ने सुलतानपुर जेल का किया निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

0
24

आज दिनांक 02.09.2026 को महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश द्वारा जिला कारागार सुलतानपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बन्दियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण, मूलभूत सुविधाओं तथा कारागार में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के क्रम में महानिदेशक महोदय द्वारा कारागार अस्पताल एवं विभिन्न बैरकों का निरीक्षण किया गया। अस्पताल में उपचाररत एवं निरुद्ध बन्दियों से सीधे संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य, चिकित्सा सुविधाओं तथा उपलब्ध उपचार के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गयी। बन्दियों की स्वास्थ्य सम्बन्धी आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये।

इसके पश्चात महिला बैरक का निरीक्षण किया गया। महानिदेशक महोदय द्वारा महिला बन्दियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों से आत्मीयतापूर्वक संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के सम्बन्ध में जानकारी ली गयी। इस अवसर पर बच्चों को खिलौने एवं पुस्तकें तथा महिला बन्दियों को फल वितरित किये गये। बच्चों के समुचित स्वास्थ्य, शिक्षा एवं देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये गये।

महानिदेशक महोदय द्वारा कारागार की व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान बैरकों की आवश्यक मरम्मत एवं रख-रखाव को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने तथा बन्दियों द्वारा किये जाने वाले कार्य के सापेक्ष उन्हें देय पारिश्रमिक का नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित किये जाने के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये।

निरीक्षण के दौरान महानिदेशक महोदय ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि बन्दियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, मानवीय गरिमा एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कारागार की समस्त व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जाए।

निरीक्षण के अवसर पर जेल अधीक्षक प्रांजिल अरविन्द, जेलर ओमकार पाण्डेय, जेल चिकित्साधिकारी डॉ. अमन यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here