कानपुर। कप्तान करन शर्मा व उपेंद्र यादव (57-57) के अर्धशतकों के बाद ऋषभ राजपूत व कार्तिक यादव (3-3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी से गत चैंपियन काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के मैच में मेरठ मावेरिक्स को 56 रन से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की।
यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS
ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए लीग के 29वें मैच में काशी रुद्रास ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 175 रन का स्कोर बनाया। जवाब में मेरठ मावेरिक्स लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.2 ओवर में 119 रन पर आल आउट हो गयी। काशी के कार्तिक यादव को उनकी उपयोगी गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
जीत से प्लेऑफ की तस्वीर साफ, तीन सितंबर को एलिमिनेटर में नोएडा से होगी टक्कर
मैच की औपचारिक शुरुआत क्रिकगिरी के सीईओ अमित गोयल ने टॉस कराकर की। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, यूपीसीए की एपेक्स काउंसिल के सदस्य सुनील जोशन व अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 175 रन बनाए। टीम को विराट जायसवाल और कप्तान करन शर्मा ने पहले विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी करते हुए मजबूत शुरुआत दी। विराट ने 24 गेंदों पर 2 चौके व 2 छक्के से 33 रन की पारी खेली। वह नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर यश गर्ग की गेंद पर अक्षय दुबे को कैच थमा बैठे। उसके बाद सक्षम राय (5) को आरुष गोयल ने आउट किया।
टीम के 105 रन के कुल स्कोर पर कप्तान करन शर्मा आउट हो गए। करन ने 40 गेंदों पर 6 चौके व तीन छक्के से 57 रन की उपयोगी पारी खेली। फिर विकेटकीपर बल्लेबाज उपेंद्र यादव ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों पर 4 चौके व पांच छक्के से 57 रन की आतिशी अर्धशतकीय पारी खेलते हुए काशी को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम 27 रन पर चार विकेट गंवाकर मुश्किल में फंस गयी थी। सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा खाता भी नहीं खोल सके और दूसरे ओवर में कार्तिक यादव की गेंद पर ऋषभ राजपूत को कैच थमा बैठे।
इसके बाद टीम के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। कप्तान दिव्यांश जोशी ने 19 गेंदों पर दो छक्के की मदद से 20 रन बनाए लेकिन उन्हें अटल बिहारी राय की गेंद पर विकेटकीपर उपेंद्र यादव ने कैच लपकर पवेलियन वापस भेजा।

दिव्यांश राजपूत ने 31 गेंदों पर दो चौके व तीन छक्के से 39 रन, संदीप तोमर ने 24 गेंदों पर तीन छक्के से 29 रन और दिनेश कुमार ने 14 रन का योगदान किया। काशी के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत तय की। कार्तिक यादव ने 4 ओवर में 12 रन देकर व ऋषभ राजपूत ने 13 रन देकर तीन-तीन विकेट चटकाए। अटल बिहारी राय को दो विकेट मिले।
प्लेऑफ मुकाबले तीन सितंबर से लखनऊ में
इस जीत के साथ काशी रुद्रास ने प्लेऑफ में अपनी सीट पक्की कर ली। काशी और नोएडा किंग्स दोनों के 10 मैचों में पांच-पांच जीत के साथ 10-10 अंक रहे, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के आधार पर काशी तीसरे और नोएडा चौथे स्थान पर रहा।

प्लेऑफ मुकाबले लखनऊ मे खेले जाएंगे जिसमें तीन सितंबर को क्वालीफायर-1 में अंक तालिका में शीर्ष पर रही मेरठ मावेरिक्स की भिड़ंत दूसरे स्थान की लखनऊ फाल्कन्स से होगी। इसी दिन एलिमिनेटर मुकाबले में काशी रुद्रास का सामना नोएडा किंग्स से होगा।














