कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय अंपायर एवं स्कोरर्स कार्यशाला में तीसरे दिन प्रतिभागियों को आधुनिक क्रिकेट के बदलते नियमों और मैदान पर आने वाली विभिन्न परिस्थितियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रदेश के अलग-अलग जिलों से चयनित अंपायर और स्कोरर्स इस कार्यशाला में हिस्सा ले रहे हैं। तीसरे दिन अंपायरों को फेयर एंड अनफेयर लॉ के तहत पांच रन की पेनल्टी से जुड़े नियमों की बारीकियां समझाई गईं।
वीडियो के माध्यम से बताया गया कि किन परिस्थितियों में पांच रन की पेनल्टी लगाई जाती है और इसे किस तरह लागू किया जाना चाहिए। इसके अलावा बारिश से प्रभावित एकदिवसीय मैचों में ओवरों की संख्या और संशोधित लक्ष्य रनों की गणना की प्रक्रिया भी समझाई गई।
प्रशिक्षण के दौरान पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी ने प्रश्नकाल में प्रतिभागियों के सवालों के जवाब दिए। अंपायरों ने नियमों और मैदानी परिस्थितियों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से समाधान बताया।
कार्यशाला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा ग्रीन पार्क की सेंटर पिच पर हुआ। यहां अंपायरों को मैच के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक परिस्थितियों से रूबरू कराया गया। गेंदबाजी क्रीज, रिटर्न क्रीज और वाइड की मार्किंग से जुड़े नियमों और उनकी सही स्थिति के बारे में भी जानकारी दी गई।
वहीं, स्कोरर्स के प्रशिक्षण सत्र में एडुकेटर पी. जयपाल ने लाइव मैच के दौरान लीनियर शीट पर स्कोरिंग का अभ्यास कराया। उन्होंने स्कोरर्स को मैच की स्थिति के अनुसार स्कोर दर्ज करने की प्रक्रिया समझाने के साथ खेल के अंतिम एक घंटे में होने वाले ओवरों की गणना से जुड़े नियमों की भी जानकारी दी।
ये भी पढ़ें : ग्रीनपार्क में अंपायर-स्कोरर प्रशिक्षण, सितंबर में होगी अगली परीक्षा
कार्यशाला के दौरान अंपायर कमेटी के चेयरमैन मनोज पुंडीर ने प्रतिभागियों को सलाह दी कि नियमों को केवल याद करने के बजाय उन्हें समझकर पढ़ें और लिखित नोट्स बनाकर अपनी तैयारी करें। उन्होंने अंपायरों से नियमों की जानकारी को मैदानी अभ्यास के साथ जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यशाला में सहायक के रूप में एपी सिंह, एसपी सिंह और अनुराग राठौर भी मौजूद रहे। यूपीसीए की यह पहल प्रदेश में अंपायरिंग और स्कोरिंग के स्तर को आधुनिक मानकों के अनुरूप मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।













