हाईलाइट्स
- भारत-फ्रांस आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने का कार्य
- दूरसंचार, डिजिटल अवसंरचना व उपग्रह संचार के क्षेत्र में योगदान के लिए मिला सम्मान
लखनऊ।* फ्रांस ने भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया है।
भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी माथू ने 28 अक्टूबर को फ्रांस निवास में आयोजित विशेष समारोह में मित्तल को इस सम्मान का प्रतीक चिह्न प्रदान किया। उन्हें यह सम्मान भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने तथा दूरसंचार, डिजिटल अवसंरचना और उपग्रह संचार के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।
समारोह को संबोधित करते हुए फ्रांस के राजदूत थिएरी माथू ने कहा कि मित्तल का सम्मान भारत-फ्रांस आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने में उनके उत्कृष्ट योगदान की मान्यता है। उन्होंने फ्रांसीसी कंपनियों के साथ मित्तल के लंबे व्यावसायिक जुड़ाव और दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।
राजदूत ने कहा कि मित्तल ने फ्रांस के बहुराष्ट्रीय बीमा समूह एक्सा और दूरसंचार उपकरण निर्माता अल्काटेल-लुसेंट के साथ अपने कारोबारी संबंधों के माध्यम से फ्रांसीसी उद्योग जगत के साथ साझेदारी को मजबूत किया है।
इसके अलावा फ्रांसीसी उपग्रह कंपनी यूटेलसैट में उनके निवेश ने अंतरिक्ष और उपग्रह संचार के क्षेत्र में फ्रांस की रणनीतिक महत्वाकांक्षाओं को भी समर्थन दिया है।
मित्तल ने सम्मान स्वीकार करते हुए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फ्रांस के साथ उनका व्यावसायिक जुड़ाव वर्ष 1992 में एयरटेल की स्थापना के समय शुरू हुआ था।
उस दौरान फ्रांसीसी कंपनी कॉम्पैनी जेनराल देज़ो ने भारत में मोबाइल टेलीफोनी सेवाएं शुरू करने के लिए भारती के साथ साझेदारी की थी। उन्होंने कहा कि यह जुड़ाव आज यूटेलसैट के उपाध्यक्ष के रूप में उनकी भूमिका के जरिए भी जारी है।
मित्तल ने भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने इस सम्मान को अपने लिए गौरव और विनम्रता का विषय बताया।
भारत और फ्रांस के बीच विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के तहत अंतरिक्ष एवं डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग लगातार विस्तार ले रहा है। ऐसे में यूटेलसैट के उपाध्यक्ष के रूप में मित्तल दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
ये भी पढ़ें : मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में सुनील मित्तल को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड












