आईएचएफ ट्रॉफी : भारत का डबल धमाका, यूथ – जूनियर दोनों वर्गो में चैंपियन

0
57

हाइलाइट्स

  • बांग्लादेश में आयोजित आईएचएफ ट्रॉफी 2026 में भारत ने दोनों वर्गों में जीता खिताब
  • यूथ वर्ग में मालदीव को 49-22 और जूनियर वर्ग के फाइनल में बांग्लादेश को 48-27 से हराया
  • हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को दी बधाई

लखनऊ। भारत की पुरुष यूथ और जूनियर हैंडबॉल टीम ने बांग्लादेश में आयोजित आईएचएफ ट्रॉफी पुरुष यूथ व जूनियर हैंडबॉल 2026 (जोन टू – दक्षिण व मध्य एशिया) में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।

हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डा. आनन्देश्वर पाण्डेय एवं महासचिव डा. तेजराज सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया है।

यूथ वर्ग में भारत अजेय रहा

ढाका (बांग्लादेश) में 9 से 14 जून तक आयोजित चैंपियनशिप में यूथ (अंडर-18) वर्ग के मुकाबले राउंड रॉबिन लीग आधार पर खेले गए। रविवार को अपने अंतिम मैच में भारत ने मालदीव को 49-22 से पराजित किया। मध्यांतर तक भारतीय टीम 25-8 से आगे थी।

भारत की ओर से रवि कुमार ने सर्वाधिक 10 गोल किए और उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। प्रिंस साहू ने 8, रोहित सक्सेना ने 7 तथा पवन कुमार और ललित ने 6-6 गोल किए।

भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और उसने अपने सभी मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। इससे पहले भारत ने नेपाल, अफगानिस्तान और बांग्लादेश को भी हराया था। इस वर्ग में मालदीव को रजत और अफगानिस्तान को कांस्य पदक मिला।

जूनियर वर्ग के फाइनल में बांग्लादेश को हराया

जूनियर (अंडर-20) वर्ग की चैंपियनशिप लीग कम नॉकआउट आधार पर आयोजित की गई। फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान बांग्लादेश को 48-27 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मध्यांतर तक भारत 26-13 से आगे था।

मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मोहम्मद तौसीफ रसूल चुने गए, जिन्होंने 9 गोल किए। इसके अलावा सुशील ने 11, राहुल गुर्जर ने 9, नितिन ने 7 और विपुल ने 6 गोल दागे।

भारत ने इससे पहले सेमीफाइनल में मालदीव को 58-23 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। इस वर्ग में बांग्लादेश को रजत और यमन को कांस्य पदक मिला।

ये रहे भारतीय दल के प्रमुख सदस्य

भारतीय टीम के साथ कंटिजेंट लीडर अतनु मजूमदार, यूथ टीम के हेड ऑफ डेलीगेट अमित पाण्डेय, यूथ टीम के कोच फिरोज अहमद खान तथा जूनियर टीम के मुख्य कोच अनूप कासवान, सहायक कोच सुधाकर और हेड ऑफ डेलीगेट कुलदीप राणा उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : भारतीय युवा पुरुष हैंडबॉल टीम के दल प्रमुख बने अमित पांडेय

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here