हाइलाइट्स
- केडी सिंह बाबू स्टेडियम में तीन दिवसीय राष्ट्रीय रेफरी फ्रेशर एवं रिफ्रेशर सेमिनार का समापन
- देशभर के 200 से अधिक रेफरी और निर्णायकों ने नए अंतरराष्ट्रीय नियमों का प्रशिक्षण लिया
- सफल प्रतिभागी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निभा सकेंगे निर्णायक की भूमिका
लखनऊ। ताइक्वांडो में लागू किए गए नए अंतरराष्ट्रीय नियमों को समझने और उन्हें प्रतियोगिताओं में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए देशभर के 200 से अधिक रेफरी और निर्णायक लखनऊ में जुटे। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 12 जून से आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय रेफरी फ्रेशर एवं रिफ्रेशर सेमिनार का रविवार को समापन हो गया।
यूपी ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव राजकुमार ने बताया कि दक्षिण कोरिया स्थित वर्ल्ड ताइक्वांडो मुख्यालय कुक्कीवान द्वारा खेल के नियमों में किए गए संशोधनों के मद्देनजर यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
सेमिनार में उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान, दिल्ली, उत्तराखंड समेत कई राज्यों के रेफरियों ने हिस्सा लेकर नए नियमों और तकनीकी बदलावों की बारीकियां सीखीं।
नए नियमों और तकनीकी बदलावों पर प्रशिक्षण
ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देश पर आयोजित इस सेमिनार में अंतरराष्ट्रीय रेफरी सुभाष पाटिल ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान मैच संचालन, स्कोरिंग सिस्टम, वीडियो रिव्यू और संशोधित नियमों के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
राजकुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों की फिजिकल, डिजिटल और लिखित परीक्षाएं कराई गईं। इन परीक्षाओं में सफल होने वाले रेफरी जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभाने के पात्र होंगे। साथ ही भविष्य में होने वाली प्रमुख राष्ट्रीय और ओलंपिक ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं के चयन एवं संचालन तंत्र का हिस्सा भी बन सकेंगे।
पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए जरूरी है प्रशिक्षण
उन्होंने कहा कि खेल में पारदर्शिता और निष्पक्ष निर्णय सुनिश्चित करने के लिए रेफरियों का समय-समय पर प्रशिक्षण और मूल्यांकन बेहद जरूरी है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।
प्रशिक्षण शिविर में राष्ट्रीय रेफरी हिमप्रीत सिंह, मोहित कुमार, मयंक भारती, अभिषेक कुमार, रुद्र कुमार, बिलाल खान, प्रयाग सिंह, पवन सिंह, जितेंद्र कुमार मौर्य, राजा सिंह, सुभाष और रघुनाथ सिंह सहित कई निर्णायक उपस्थित रहे।
वहीं महिला रेफरियों में अमीना बानो (सुल्तानपुर), पूजा तिवारी, रेखा (संभल), आध्या अग्रवाल (मुरादाबाद), प्रियांशी जुगरान, आशा और अनामिका ने भी भाग लिया।
ये भी पढ़ें : लखनऊ के खिलाड़ियों का दबदबा,ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा












