नया रायपुर: खलिन जोशी ने एक-अंडर 33 का स्कोर बनाकर छत्तीसगढ़ के नया रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले पहले एसईसीएल प्रेजेंट्स नवा रायपुर ओपन 2026 के तीसरे राउंड के बाद अपनी एक शॉट की बढ़त बरकरार रखी।
दिन की शुरुआत दो शॉट की बढ़त के साथ करने वाले बेंगलुरु के 34 वर्षीय जोशी (29-30-33) ने दो बर्डी लगाईं और सप्ताह की अपनी पहली बोगी की। उनका कुल स्कोर 10-अंडर 92 है और वह अंतिम राउंड में एक शॉट की बढ़त के साथ उतरेंगे।
इस सत्र में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर दो खिताब जीत चुके और रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में फिलहाल 12वें स्थान पर मौजूद जोशी ने शुरुआती 27 होल में सिर्फ एक शॉट गंवाया है। भारी बारिश के कारण कोर्स पूरे 18 होल के राउंड के लिए उपयुक्त नहीं था। इसके चलते टूर्नामेंट समिति ने चारों राउंड बैक नाइन पर नौ-नौ होल में आयोजित करने का फैसला किया।
चंडीगढ़ के अंगद चीमा (34-29-30) ने बोगी-मुक्त चार-अंडर 30 का स्कोर बनाकर खुद को जोशी के निकटतम प्रतिद्वंद्वी के रूप में स्थापित किया। छत्तीस वर्षीय अंगद संयुक्त 13वें स्थान से ऊपर उठकर नौ-अंडर 93 के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए।
सात खिलाड़ी आठ-अंडर 94 के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं। इस तरह अंतिम नौ होल से पहले आठ अन्य खिलाड़ी बढ़त से दो शॉट के भीतर हैं। दिल्ली के 18 वर्षीय प्रितिश सिंह करायत (34-31-29) ने दिन की सबसे बड़ी छलांग लगाई। उन्होंने बोगी-मुक्त पांच-अंडर 29 का स्कोर बनाकर संयुक्त 36वें स्थान से संयुक्त तीसरे स्थान पर जगह बनाई।
करायत के साथ अहमदाबाद के अंशुल पटेल (32-31-31), बांग्लादेश के बादल हुसैन (33-30-31), फरीदाबाद के करण प्रताप सिंह (32-30-32), गुरुग्राम के वीर अहलावत (32-30-32), चंडीगढ़ के उमेद कुमार (33-29-32) और पंचकूला के रौनिल कुकर (31-30-33) संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं।
एक-अंडर 33 का स्कोर बनाने के बाद कुकर संयुक्त दूसरे स्थान से संयुक्त तीसरे स्थान पर आ गए। जोशी ने स्वीकार किया कि वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के करीब नहीं थे, लेकिन कठिन दिन में बढ़त कायम रखने से संतुष्ट दिखे।
जोशी ने कहा, “आज मेरा खेल सर्वश्रेष्ठ नहीं था। मैं टी से गेंद को अच्छी तरह ड्राइव नहीं कर पाया, एप्रोच शॉट भी फ्लैग के ज्यादा करीब नहीं लगे और मैं अधिक पट होल नहीं कर सका। मैंने कई बार दो पट किए, लेकिन कम से कम खुद को खिताबी दौड़ से बाहर नहीं होने दिया। मैं अब भी अच्छी स्थिति में हूँ और उम्मीद है कि कल अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखा पाऊंगा।”
बारिश और आकाशीय बिजली के कारण खेल कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। इसके बाद जोशी ने 11वें होल पर सप्ताह की अपनी पहली बोगी करने के बावजूद शानदार वापसी की।
उन्होंने कहा, “बारिश और आकाशीय बिजली के कारण लगभग 15 से 20 मिनट का विलंब हुआ। खराब टी शॉट के बाद मैंने 11वें होल पर बोगी की, लेकिन उस व्यवधान ने जैसे मेरे राउंड को दोबारा गति दी। मैंने 12वें और 13वें होल पर बर्डी के साथ वापसी की और यही मेरे राउंड के मुख्य आकर्षण रहे।”
जोशी को अंतिम राउंड में अपने मित्र और पूर्व साथी अंगद के साथ रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है। जोशी ने कहा, “अंगद और मैं एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं और कुछ टूर्नामेंटों में एक ही टीम का हिस्सा भी रहे हैं। हमने साथ में काफी गोल्फ खेला है, इसलिए हमारे बीच अच्छा तालमेल रहेगा। यह एक रोमांचक मुकाबला होना चाहिए और मुझे उम्मीद है कि हम दोनों अंतिम राउंड में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।”
एसईसीएल प्रेजेंट्स नवा रायपुर ओपन को टाइटल पार्टनर नवा रायपुर, प्रेजेंटिंग पार्टनर SECL और एसोसिएट पार्टनर छत्तीसगढ़ टूरिज्म और जिंदल स्टील का सहयोग मिल रहा है। टूर्नामेंट को DP World PGTI के अम्ब्रेला पार्टनर DP World के साथ-साथ टूर पार्टनर एक्सिस बैंक, अमूल, HCL Group, अमृतंजन एनरलाइट, एयर इंडिया महाराजा क्लब, कल्याणी, गोल्फ प्लस मंथली और गोल्फ डिजाइन इंडिया का भी सहयोग प्राप्त है।
रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के जरिए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के नंबर एक खिलाड़ी का फैसला होगा। इसके साथ ही यह प्रतियोगिता डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट के उन शीर्ष 24 खिलाड़ियों का भी निर्धारण करेगी, जो सत्र के अंतिम टूर्नामेंट डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में अपनी जगह बनाएंगे।











