लखनऊ। गैर वरीय खिलाड़ी पश्चिम बंगाल के मयंद तिवारी ने तृतीय डॉ. केएल गर्ग आल इंडिया पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में पांचवीं वरीय सुनील कुमार को हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब खिताबी मुकाबले में उनकी टक्कर दूसरी वरीय कर्नाटक के सूरज से होगी।
तृतीय डॉ. केएल गर्ग आल इंडिया पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट
एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट में गुरुवार को एकल और युगल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए।

पहले सेमीफाइनल में पश्चिम बंगाल के मयंद तिवारी ने उलटफेर करते हुए पांचवीं वरीय हरियाणा के सुनील कुमार को सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से हराया।
मयंद ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल के साथ सुनील पर दबाव बनाए रखा और दोनों सेट अपने नाम किए। मयंद इससे पहले क्वार्टर फाइनल में पंजाब के सातवीं वरीय आदित्य कुमार को हराकर अंतिम चार में पहुंचे थे। इससे पूर्व पहले दौर में उन्होंने तीसरी वरीयता प्राप्त आयुष शर्मा को हराकर उलटफेर किया था।
दूसरे सेमीफाइनल में दूसरी वरीय कर्नाटक के सूरज ने दिल्ली के रिकी चौधरी को 6-4, 6-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पहले सेट में दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन सूरज ने महत्वपूर्ण मौकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए बढ़त हासिल की। दूसरे सेट में उन्होंने अपनी लय बरकरार रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
युगल में सागर-फरदीन और कनिष्क-रिकी फाइनल में
युगल वर्ग में भी फाइनल की तस्वीर साफ हो गई। दिल्ली के सागर और पश्चिम बंगाल के फरदीन की जोड़ी के सामने अब गुजरात के कनिष्क और दिल्ली के रिकी की चुनौती होगी। दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों का फैसला सुपर टाईब्रेक में हुआ।
पहले सेमीफाइनल में सागर व फरदीन ने हरियाणा के आदित्य मोर व असम के उदित गोगोई को 6-4, 4-6, 10-7 से हराया। सागर-फरदीन ने पहला सेट जीता, लेकिन आदित्य-उदित ने दूसरे सेट में वापसी करते हुए मैच को निर्णायक सुपर टाईब्रेक तक पहुंचा दिया। सुपर टाईब्रेक में सागर और फरदीन ने संयम बनाए रखते हुए 10-7 से जीत दर्ज की।
दूसरे सेमीफाइनल में गुजरात के कनिष्क और दिल्ली के रिकी ने हरियाणा के जतिन नैन व गुजरात के मेघ भार्गव को 6-4, 3-6, 10-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मुकाबले में भी पहले दो सेट में दोनों जोड़ियों ने एक-एक सेट जीता, जिसके बाद सुपर टाईब्रेक में कनिष्क और रिकी ने बेहतर तालमेल के साथ लगातार अंक जुटाए और 10-3 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।











