नवा रायपुर ओपन में खलिन जोशी ने बनाई दो शॉट की बढ़त

0
26

नया रायपुर : खलिन जोशी ने बोगी-मुक्त चार-अंडर 30 का स्कोर बनाकर छत्तीसगढ़ के नया रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले पहले नवा रायपुर ओपन के दूसरे राउंड के बाद अपनी बढ़त दो शॉट की कर ली।

दिन की शुरुआत एक शॉट की बढ़त के साथ करने वाले बेंगलुरु के 34 वर्षीय जोशी (29-30) ने चार बर्डी लगाकर हाफवे चरण में अपना कुल स्कोर नौ-अंडर 59 कर लिया। इस सत्र में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर दो खिताब जीत चुके और रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में फिलहाल 12वें स्थान पर मौजूद जोशी ने शुरुआती 18 होल में एक भी शॉट नहीं गंवाया है।

भारी बारिश के कारण कोर्स पूरे 18 होल के राउंड के लिए उपयुक्त नहीं था। इसके चलते टूर्नामेंट समिति ने चारों राउंड बैक नाइन पर नौ-नौ होल में आयोजित करने का फैसला किया।

कोलकाता के 20 वर्षीय आर्यव शाह (30-31) ने चार बर्डी और एक बोगी की मदद से तीन-अंडर 31 का स्कोर बनाया। वह सात-अंडर 61 के कुल स्कोर के साथ नेपाल के सुभाष तमांग (32-29), बेंगलुरु के अक्षय निरंजन (30-31) और पंचकूला के रौनिल कुकर (31-30) के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं।

चौबीस वर्षीय तमांग ने पांच बर्डी लगाकर बोगी-मुक्त 29 का स्कोर बनाया, जो दूसरे राउंड का संयुक्त सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। इस प्रदर्शन से वह खिताब की दौड़ में शामिल हो गए। जोशी ने टी से हाइब्रिड लगाने के बाद सटीक एप्रोच शॉट खेलकर अपने राउंड की शुरुआत बर्डी से की।

जोशी ने कहा, “यह एक और ठोस राउंड रहा। मैं कल की तुलना में थोड़ा सतर्क था और उतना सहज महसूस नहीं कर रहा था, लेकिन पूरे राउंड में अच्छे शॉट खेलता रहा। मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं।” लगातार दो बोगी-मुक्त राउंड जोशी के टी से ग्रीन तक मजबूत प्रदर्शन को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा, “मेरा खेल टी से ग्रीन तक काफी मजबूत रहा है। मैं अपने एप्रोच शॉट भी फ्लैग के करीब लगा रहा हूं, इसलिए मुझे अधिक लंबे बर्डी पट नहीं खेलने पड़े।” जोशी ने दोनों राउंड में 10वें, 12वें और 13वें होल पर मिले स्कोरिंग अवसरों का पूरा फायदा उठाया है।

उन्होंने कहा, “12वें होल पर टी से ग्रीन तक पहुंचा जा सकता है, जबकि 13वां एक छोटा पार-5 है, जहां अच्छा टी शॉट आपको बर्डी का बेहतरीन मौका देता है। मैंने दोनों होल पर अच्छे टी शॉट लगाकर अवसरों का फायदा उठाया है। उम्मीद है कि अंतिम दो राउंड में भी इसे जारी रखूंगा।”

सात खिलाड़ी छह-अंडर 62 के साथ संयुक्त छठे स्थान पर हैं। इनमें चंडीगढ़ के उमेद कुमार (33-29), कोलकाता के सुनीत चौरसिया (33-29), गुरुग्राम के वीर अहलावत (32-30), श्रीलंका के चलिथा पुष्पिका (30-32), चंडीगढ़ के वासु सहगल (31-31), नोएडा के बिपिन मुखिया (30-32) और फरीदाबाद के करण प्रताप सिंह (32-30) शामिल हैं।

चौरसिया ने लगातार तीन नेक्सजेन टूर्नामेंट जीतकर रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के लिए प्रमोशन अर्जित किया। वहीं, अहलावत 2024 में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग चैंपियन रहे थे। कट तीन-अंडर 65 पर निर्धारित हुआ और 132 खिलाड़ियों के मैदान में से 56 ने अंतिम दो राउंड में जगह बनाई।

नवा रायपुर ओपन को टाइटल पार्टनर नवा रायपुर, प्रेजेंटिंग पार्टनर SECL और एसोसिएट पार्टनर छत्तीसगढ़ टूरिज्म और जिंदल स्टील का सहयोग मिल रहा है। टूर्नामेंट को DP WorldPGTI के अम्ब्रेला पार्टनर DP World के साथ-साथ टूर पार्टनर एक्सिसबैंक, अमूल, HCL Group, अमृतंजन एनरलाइट, एयर इंडिया महाराजा क्लब, कल्याणी, गोल्फ प्लस मंथली और गोल्फ डिजाइन इंडिया का भी सहयोग प्राप्त है।

रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के जरिए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के नंबर एक खिलाड़ी का फैसला होगा। इसके साथ ही यह प्रतियोगिता डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट के उन शीर्ष 24 खिलाड़ियों का भी निर्धारण करेगी, जो सत्र के अंतिम टूर्नामेंट डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में अपनी जगह बनाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here